छत्तीसगढ़ विधानसभा का विशेष सत्र 30 अप्रैल को… नारी शक्ति विधेयक गिरने की होगी निंदा… डॉ रमन संभाल सकते हैं आसंदी, पूर्णतः स्वस्थ
छत्तीसगढ़ विधानसभा का एक दिवसीय विशेष सत्र 30 अप्रैल को आयोजित किया जाएगा। विधानसभा सचिवालय ने इस एक दिवसीय सत्र की अधिसूचना जारी नहीं की है, लेकिन यह तारीख फाइनल बतायी जा रही है। स्पीकर डॉ रमन सिंह इस सत्र की अध्यक्षता कर सकते हैं। बजट सत्र में शुरुआती एक-दो दिन आसंदी संभालने के बाद डॉ रमन कमर की सर्जरी के लिए गए थे और पूरी तरह स्वस्थ हैं।
छत्तीसगढ़ सरकार इस एक दिवसीय विशेष सत्र में महिला आरक्षण कानून और डीलिमिटेशन (परिसीमन) से संबंधित 131वें संवैधानिक संशोधन विधेयक के पारित न होने के विरोध में निंदा प्रस्ताव (Censure Motion) पेश करेगी। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने विपक्ष पर इस ऐतिहासिक सुधार में बाधा डालने का आरोप लगाया है और इसे महिलाओं के अधिकारों से जुड़ा एक महत्वपूर्ण विषय बताया है। इस सत्र के दौरान नारी शक्ति वंदन, महिलाओं के सशक्तिकरण और उनके सर्वांगीण विकास पर गहन चर्चा होने की संभावना है।


