छत्तीसगढ़ सीएम की अब चौबीसो घंटे हेल्पलाइन… रायपुर में तैयार हो रहा है स्ट्रक्चर… एक-डेढ़ माह में टोल-फ्री फोन नंबर चलने लगेंगे

छत्तीसगढ़ के लिए बड़ी खबर यह है कि सीएम विष्णुदेव साय जल्दी ही चौबीसों घंटे-सातों दिन चलने वाली हेल्पलाइन सुविधा शुरू करने जा रहे हैं। इस हेल्पलाइन नंबर पर नियम-कायदों के अनुरूप सभी संभव मदद छत्तीसगढ़ के लोगों को मिल जाएगी, उन्हें केवल एक फोन ही करना है। सीएम हेल्पलाइन का नंबर टोल-फ्री यानी मुफ्त होगा। आप फोन कर जो भी समस्या बताएंगे, अगर उसका निराकरण संभव है तो आपको सीधे काम होने की समय सीमा बता दी जाएगी। सीएम साय ने मीडिया से बातचीत में खुद सीएम हेल्पलाइन नंबर शुरू करने की जानकारी दी है।
सीएम हेल्पलाइन शुरू करना आसान काम नहीं है, क्योंकि इसका पूरा सिस्टम हर जिले के कलेक्टर-एसपी से लेकर मंत्रालय के अफसरों से कनेक्ट रहेगा। चूंकि हेल्पलाइन सीएम की है, इसलिए इस बात की पूरी संभावना है कि सीएम सचिवालय यानी प्रमुख सचिव सुबोध कुमार सिंह और उनकी टीम की इस पर भी निगरानी रहेगी कि कितनी शिकायतें आईं, कितना निराकरण हुआ और समय पर हुआ अथवा नहीं। सीएम हेल्पलाइन का मुख्यालय रायपुर ही रहेगा, यानी पूरा सिस्टम यहीं बनाया जा रहा है। इस सिस्टम के इंस्टालेशन और स्टाफ की व्यवस्था में तकरीबन एक माह लग जाएगा। उम्मीद की जा रही है कि सुशासन तिहार के दौरान ही सीएम हेल्पलाइन चालू कर दी जाए। इस बारे में अभी ज्यादा डीटेल्ट इन्फर्मेशन नहीं है कि हेल्पलाइन में किस तरह की शिकायतों और समस्याओं को इंटरटेन किया जाएगा। फिर भी, संभावना है कि आम आदमी की बुनियादी जरूरत के सारे कार्यों के लिए यह हेल्पलाइन बड़ी मददगार होने वाली है।



