रायपुर के 66 कांग्रेस वार्ड अध्यक्षों की लिस्ट रद्द… पीसीसी के अनुमोदन के बिना सूची जारी करने पर सख्त एक्शन
रायपुर शहर कांग्रेस की ओर से जारी की गई 66 वार्ड अध्यक्षों की सूची प्रदेश कांग्रेस कमेटी (PCC) ने निरस्त कर दी है। सूत्रों के अनुसार सूची जारी करने से पहले अनुमोदन नहीं लिया गया, इसलिए सूची निरस्त की गई है। इस मामले में कई तरह के विवाद की चर्चा है, हालांकि पार्टी में इसे अनुशासन से जुड़ा मामला ही माना जा रहा है।
प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी महामंत्री मलकीत गैंदु ने द स्तम्भ से बातचीत में वार्ड अध्यक्षों की सूची निरस्त करने की पुष्टि की और जल्द समाधान की बात कही है। पार्टी सूत्रों का कहना है कि संगठन में इस मुद्दे पर एक राय है कि संगठनात्मक प्रक्रिया में अनुशासन और नेतृत्व के साथ समन्वय अनिवार्य है। बिना प्रदेश नेतृत्व के पूर्व अनुमोदन के जारी की गई किसी भी सूची को वैधानिक मान्यता नहीं दी जा सकती और नियमों की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
दरअसल, पीसीसी चीफ दीपक बैज ने राज्य के सभी जिला अध्यक्षों को निर्देश दिए थे कि 15 अप्रैल तक बूथ स्तर से लेकर जिला कांग्रेस कमेटी की नई कार्यकारिणी का गठन कर लिया जाए। माना जा रहा है कि इसी डेडलाइन प्रेशर रायपुर शहर कांग्रेस ने जल्दबाजी में 66 वार्डों के अध्यक्षों की यह सूची जारी कर दी थी। रायपुर बहरहाल, रायपुर शहर जिला कांग्रेस के अध्यक्ष श्रीकुमार मेनन ने स्थिति को संभालने का पूरा प्रयास किया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि संगठन के भीतर किसी भी प्रकार का कोई टकराव या गुटबाजी नहीं है।



