रायपुर एयरपोर्ट पर पहली बार IPL मैच दिखाने के पूरे इंतजाम… ग्राउंड फ्लोर पर प्रोजेक्टर, फर्स्ट फ्लोर पर बड़ा टीवी… प्रापर सीट अरेंजमेंट के साथ
राजधानी रायपुर का एयरपोर्ट पहली बार 28 मार्च को शुरू होने वाले आईपीएल के पूरे मैचेस दिखाने जा रहा है। एयरपोर्ट अथारिटी ने इसके पूरे इंतजाम कर दिए हैं। एयरपोर्ट में ग्राउंड फ्लोर पर आईपीएल मैच प्रोजेक्टर से दिखाए जाएंगे। इसका स्क्रीन लगाया जा चुका है और सामने चेयर्स हैं, जहां यात्री बैठकर अपनी फ्लाइट की बोर्डिंग शुरू होने से पहले तक आईपीएल मैच देख सकते हैं। फर्स्ट फ्लोर पर बड़ा टीवी स्क्रीन लगाया गया है, जिस पर आईपीएल मैच चलता रहेगा। इस टीवी स्क्रीन के सामने भी चेयर्स के प्रापर इंतजाम किए गए हैं।

एयरपोर्ट अफसरों ने बताया कि रायपुर रायल चैलेंजर्स बेंगलुरू (आरसीबी) का दूसरा होम ग्राउंड हैं। आरसीबी के दो मैच यहां होने हैं, इसलिए रायपुर पूरी तरह आईपीएल के नेटवर्क से कनेक्टेड है। इसलिए एयरपोर्ट पर भी आईपीएल का हर मैच लाइव दिखाने की व्यवस्था की जा रही है। एयरपोर्ट लाउंज के दोनों फ्लोर पर इसीलिए इसकी व्यवस्था की गई है, क्योंकि दोनों ही फ्लोर पर बोर्डिंग के गेट हैं और पैसेंजर इंतजार करते हैं। एयरपोर्ट अथारिटी को उम्मीद है कि सुरक्षा जांच करवाने के बाद और बोर्डिंग से पहले तक पैसेंजर के लिए आईपीएल के मैच लाइव देखना सुखद अनुभव हो सकता है।



