दुर्ग में “नेताजी” की अफ़ीम खेती में राजस्थान नेटवर्क… अफ़ीम के बीज देने वाला जोधपुर से अरेस्ट… इसे मिलाकर अब तक 4 आरोपी
दुर्ग जिले में शिवनाथ नदी के किनारे समोदा गांव में अफीम की खेती में राजस्थान का नेटवर्क सामने आ गया है। भाजपा किसान मोर्चा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष विनायक ताम्रकर तक अफीम के बीज पहुँचने वाला छोटूराम जोधपुर से अरेस्ट कर लिया गया है। इसे मिलकर 4 गिरफ्तार आरोपियों में राजस्थान से दो हैं। इनमें बीज देने वाले के अलावा अफीम खेती का मास्टरमाइंड विकास बिश्नोई भी राजस्थान का ही है। चौथा आरोपी मनीष ठाकुर समोसा गांव का है, जहाँ खेती हो रही थी।
बता दें कि दुर्ग के समोदा–झेनझरी गांवों के मध्य लगभग 05 एकड़ 62 डिसमिल में लगे अफीम के हज़ारों पौधे, कई किलो डोडा और फूल पुलिस ने उखाड़कर जब्त कर लिए हैं। इसकी अनुमानित कीमत लगभग 08 करोड़ रुपये आंकी गई है। आरोपियों से रिमांड में पूछताछ चल रही है। इस कार्यवाही में एसएसपी दुर्ग विजय अग्रवाल ने एसीसीयू दुर्ग, थाना पुलगांव एवं चौकी जेवरा–सिरसा की संयुक्त पुलिस टीम की सराहना की है।



