विधानसभा में भारी हंगामा, 29 कांग्रेस विधायक सस्पेंड… अफीम कांड पर महंत-भूपेश का मोर्चा
छत्तीसगढ़ विधानसभा की सोमवार को शुरुवात बहुत हंगामेदार रही। जैसी कि संभावना थी, विपक्षी कांग्रेस ने दुर्ग जिले के समोदा में अफ़ीम की खेती का मामला उठाया और स्थगन प्रस्ताव लाकर इस मामले में चर्चा पर विपक्षी सदस्य अड़ गए। आसंदी से यह मांग नामंजूर की तो नेता प्रतिपक्ष डॉ चरणदास महंत और भूपेश बघेल के नेतृत्व में विपक्ष ने हंगामा खड़ा कर दिया। कांग्रेस सदस्य नारेबाजी करते हर आसंदी तक पहुँच गए और गर्भगृह में भी हंगामा किया। तब 29 कांग्रेस सदस्यों को विधानसभा से सस्पेंड कर दिया गया।
विधानसभा में यह मामला नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत ने उठाते हुए आरोप लगाया कि छत्तीसगढ़ को अफीम का कटोरा बनाने की कोशिश की जा रही है। अफीम की खेती करने वाले को बचाने के लिए षड्यंत्र रचा जा रहा है। भूपेश बघेल ने कहा कि इतने सबूत उपलब्ध हैं, फिर भी पुलिस का केस बहुत लाचार है। मुख्य आरोपी भाजपा नेता को को बचाने के प्रयास किए जा रहे हैं। कांग्रेस सदस्यों ने मांग की कि पूरे प्रदेश में फ़ार्महाउसों की अब जाँच होनी चाहिए, क्योंकि अफ़ीम की खेती जैसा इतना गंभीर मामला सामने आ गया है।
इस संबंध में गृहमंत्री ने कहा कि आरोपियों के ख़िलाफ़ सख्त कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने सूचना मिलते ही आरोपियों की गिरफ्तारी शुरू कर दी है। आरोपियों से सख्ती से पूछताछ की जा रही है। फाइनेंशियल सोर्सेज और लेनदेन की जांच भी कर रहे हैं, ताकि मामले की तह तक पहुँचा जा सके।



