GOOD NEWS : एक्सप्रेस-वे पर 5 साल बाद पूरा नया डामरीकरण… स्टेशन से 12 किमी तक काम, 15 करोड़ का ठेका
राजधानी रायपुर में स्टेशन चौक से शदाणी दरबार तक 12.10 किमी के अटल पथ एक्सप्रेस-वे का लगभग पांच साल बाद नए सिरे से डामरीकरण होने जा रहा है। जीई रोड के बाद धीरे-धीरे यह सड़क शहर की लाइफलाइन में तब्दील हो रही है, इसलिए सरकार ने इसे चकाचक रखने का फैसला लिया है। पीडब्लूडी महकमे ने इस पूरी सड़क पर डामर की नई लेयर चढ़ाने का काम लगभग 15 करोड़ रुपए में रायपुर की फर्म मे. गुलाबचंद जैन को दिया गया है। फर्म जल्दी ही डामरीकरण शुरू कर देगी, जिसे इसी साल पूरा करना है।
रायपुर स्टेशन और घने इलाकों से एयरपोर्ट तथा नवा रायपुर की जबर्दस्त कनेक्टिविटी की वजह से एक्सप्रेस-वे पर आवाजाही तेजी से बढ़ रही है और सुबह शाम ट्रैफिक रहने लगा है। यह धीरे-धीरे बढ़ रहा है। इसी ट्रैफिक दबाव को ध्यान में रखते हुए ही सड़क पर पैच वर्क के बजाय पूरे डामरीकरण का फैसला लिया गया है। इसका टेंडर पिछले साल जारी किया गया था। पांच कंपनियों ने टेंडर दिया था, जिसमें रायपुर की फर्म को 16.71 प्रतिशत बिलो रेट पर काम दिया गया है। सूत्रों का यह भी कहना है कि डामरीकरण के अलावा इस सड़क को सिक्योर करने की कवायद भी की जाएगी, क्योंकि कई जगह इस सड़क का उपयोग स्थानीय झुग्गी-बस्तियों ने भी शुरू कर दिया है और आटो-ठेलों की पार्किंग तक की जा रही है।



