बड़ा एक्शन : लालपुर में 20 हज़ार वर्गफुट कोटवारी जमीन पर बना काम्प्लेक्स गिराया… नगर निगम का बड़ा एक्शन, कल भी तोड़फोड़

राजधानी रायपुर के लालपुर इलाके में नगर निगम की टीम ने पुलिस की मदद से 20 हजार वर्गफुट ज़मीन पर बना काम्प्लेक्स गिरा दिया है। अफसरों के मुताबिक़ जिस ज़मीन पर काम्प्लेक्स बनाया गया था, वह कोतवारी भूमि है। काम्प्लेक्स में 10 दुकानें और 20 कमरे हैं। शनिवार को शाम होने तक आधा काम्प्लेक्स भी नहीं तोड़ा जा सका था। इसलिए तोड़फोड़ कल, 1 मार्च को भी जारी रखने का फैसला किया गया है।
यह कार्रवाई महापौर मीनल चौबे, कलेक्टर गौरव सिंह, पुलिस कमिश्नर डॉ संजीव शुक्ला और निगम कमिश्नर बिश्वदीप के कोआर्डिनेशन में की गई है। टीम प्रहरी अभियान के तहत सीमांकन कर तोड़ने की कार्रवाई की गई है। पूरे लालपुर इलाके में इस तोड़फोड़ की व्यापक चर्चा है। बताया जा रहा है की यह काम्प्लेक्स कांग्रेस नेता सत्यनारायण शर्मा के एक समर्थक से संबंधित है। इसलिए इस एक्शन की राजनैतिक स्तर पर भी चर्चा है। महापौर मीनल चौबे ने ऐसे सभी प्रकरर्णों में नियमानुसार कठोर कार्यवाही करने के निर्देश दिए हैं।



