जंगल से रेत चुरा रहे थे… रोका तो 6 वनकर्मियों को कार से कुचलने की कोशिश… फिर गाड़ी छोड़कर भागा माफिया, एक गिरफ्तार
घने जंगल के नालों से रेत चुराने वाले माफिया के आमने-सामने होने के बाद बड़ी घटना होते-होते बची है। मामला गौरेला वन रेंज का है। जंगल से रेत भरकर ले जा रहे ट्रक का पीछा करने के दौरान माफिया ने वनकर्मियों को कुचलने का प्रयास किया है। वन विभाग की टीम ने लगभग 6 किलोमीटर तक पीछा किया, जिसके बाद अमरकंटक बॉर्डर पर अवैध रेत से लदी गाड़ी पकड़ी गई। हालांकि आरोपी कार छोड़कर फरार हो गया। वीडियो के आधार पर पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। माफिया समेत बाकी गिरोह फरार है और मध्यप्रदेश का बताया जा रहा है।
मिली जानकारी के अनुसार गौरेला वन परिक्षेत्र में अमरकंटक बॉर्डर के पास वन विभाग की टीम को रेत तस्करी की सूचना मिली थी। जब टीम ने मध्य प्रदेश की ओर से आ रहे रेत से लदे ट्रक को रोकने की कोशिश की, तो रेत माफिया (जो एक कार में सवार था) ने ट्रक ड्राइवर के साथ भागने का प्रयास किया। वनकर्मियों ने पीछा किया तो माफिया ने कार पलटाई और वनकर्मियों को कुचलने का प्रयास किया। वनकर्मियों ने साहस दिखाया तो गिरोह पलटकर भागने लगा। वन अमले ने लगभग 6 किलोमीटर तक पीछा किया, जिसके बाद आरोपी अमरकंटक बॉर्डर पर अपनी कार और ट्रक छोड़कर जंगल की ओर भाग निकले। वन विभाग ने मौके से रेत से लदा ट्रक और माफिया द्वारा इस्तेमाल की गई कार को जब्त कर लिया है। इस मामले में पुलिस ने अब तक एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। मुख्य आरोपी समेत गैंग अभी फरार बताया जा रहा है। वनकर्मियों ने इस पूरी घटना का वीडियो भी बनाया था। यह सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसी वीडियो के आधार पर पुलिस आरोपियों की पहचान और तलाश कर रही है।



