आज की खबर

रायपुर की एकमात्र महिला विधायक रजनीताई उपासने पर डाक्यूमेंट्री… 1977 में शहर विधानसभा जीतकर चौंकाया था पूरे देश को… सीएम साय ने डाक्यूमेंट्री का किया विमोचन

राजधानी रायपुर की पहली और एकमात्र महिला विधायक स्व. रजनीताई उपासने के जीवन पर डाक्यूमेंट्री फिल्म “अनटोल्ड स्टोरी ऑफ स्व. रजनी दत्तात्रेय उपासने” बनाई गई है। रजनीताई का हाल में 94 वर्ष की आयु में निधन हो गया। संघ की पृष्ठभूमि से राजनीति कर रही रजनीताई उपासने ने 1977 में रायपुर विधानसभा से चुनाव जीतकर तत्कालीन मध्यप्रदेश ही नहीं, बल्कि पूरे देश को चौंका दिया था। उनके जीवन पर आधारित डाक्यूमेंट्री का सीएम विष्णुदेव साय ने शुक्रवार को सीएम हाउस में  विमोचन किया।

इस अवसर पर सीएम साय ने स्वर्गीय रजनीताई के सामाजिक, राजनीतिक एवं जनसेवा से जुड़े योगदान को स्मरण किया। उन्होंने कहा कि रजनीताई का जीवन संघर्ष, समर्पण और प्रेरणा का प्रतीक रहा है। आपातकाल जैसे कठिन दौर में लोकतंत्र की रक्षा से लेकर रायपुर के विकास, महिलाओं और वंचित वर्गों के उत्थान तक उनका योगदान सदैव प्रेरणा देता रहेगा। उन्होंने कहा कि यह डॉक्यूमेंट्री आने वाली पीढ़ियों को उनके व्यक्तित्व और कार्यों से परिचित कराने का सशक्त माध्यम बनेगी। विमोचन कार्यक्रम के दौरान रजनीताई के पुत्र तथा भाजपा नेता सच्चिदानंद उपासने सहित उनके परिजन उपस्थित थे।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button