बिहार में ऑर्केस्ट्रा के लिए ले जाई गई छत्तीसगढ़ की 10 समेत 17 लड़कियों को छापा मारकर सासाराम पुलिस ने छुड़ाया… बड़े गिरोह का भंडाफोड़, तीन गिरफ्तार
बिहार के रोहतास जिले के नासरीगंज में पुलिस ने छापा मारकर 17 लड़कियों को बरामद किया है। इनमें से 10 लड़कियां छत्तीसगढ़ की हैं। रोहतास के एसपी रौशन कुमार ने बताया कि मुक्त कराई गई सभी नाबालिग लड़कियों को बाल कल्याण समिति, सासाराम को सौंपा गया है। बाल कल्याण समिति के एक सदस्य के मुताबिक लड़कियों ने फिलहाल शारीरिक शोषण से इनकार किया है। छत्तीसगढ़ की लड़कियों का पता लिया जा रहा है, ताकि उन्हें घर पहुंचाया जा सके।
लड़कियों के साथ पुलिस ने ऑर्केस्ट्रा संचालिका ममता विश्वकर्मा (निवासी बरडिहां, नासरीगंज), गीता कुंवर और रमण कुमार पासवान उर्फ मुन्ना (निवासी बलियाथाना राजपुर) को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार तीनों ने कबूल किया है कि वो छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश समेत देश के अलग-अलग राज्यों से लड़कियों को ऑर्केस्ट्रा में डांस के नाम पर लाते हैं। इस मामले में कुल 11 व्यक्तियों को नामजद अभियुक्त बनाया गया है। शेष आठ आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। दरअसल पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि बरडिहा में नाबालिग लड़कियों को लाकर अनैतिक कार्य कराया जा रहा है। इसके बाद एक टीम गठित कर छापेमारी की गई।गौरतलब है कि कुछ माह पूर्व इसी इलाके में पुलिस ने छापेमारी कर 41 नाबालिग लड़कियों को छुड़ाया था। इनमें भी छत्तीसगढ़ की लगभग डेढ़ दर्जन लड़कियां शामिल थीं। बाल कल्याण समिति के एक सदस्य ने बताया कि पिछली बार की तरह इस बार भी लड़कियों ने उनके शारीरिक शोषण जैसी किसी भी बात से इंकार किया है। लड़कियों ने बताया कि उन्हें काम का लालच देकर यहां लाया गया था। लड़कियां निर्धन परिवारों से हैं और परिजनों ने पैसे लेकर उन्हें भेज दिया था।



