दिल्ली बम धमाके में बालोद की कार क्षतिग्रस्त… कुछ अरसा पहले यूपी होती हुई दिल्ली पहुंची थी
लाल क़िले के पास जिस जगह ब्लास्ट हुआ, वहाँ छत्तीसगढ़ की एक कार भी थी, जो धमाके से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुई है। इस मारुति fronges कार का नंबर cg 04 py 6021 है और कार रायपुर के स्काई ऑटोमोबाइल्स से बिकी थी। परिवहन विभाग की वेबसाइट के अनुसार कार बालोद में सिरी गांव के प्रशांत के नाम पर रजिस्टर्ड है। इस कार की आरसी में दर्ज मोबाइल रायपुर के किसी अभिषेक का बताया गया है। कार अक्टूबर में यूपी होकर दिल्ली गई थी। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार इस कार का वृंदावन और दिल्ली में ओवरस्पीड तथा काली फ़िल्म के लिए तीन बार चालान भी कट चुका। ऐसी आशंका जताई जा रही है कि हो सकता है कि धमाके के वक्त इसमें रायपुर या छत्तीसगढ़ के लोग हों और घायल हुए हों। आधिकारिक तौर पर ऐसी किसी भी आशंका की पुष्टि नहीं हुई है। यह भी संभव है कि कार पार्क की गई हो तथा उसमे सौभाग्य से कोई नहीं हो।
बता दें कि दिल्ली में लाल किले के पास सोमवार शाम करीब सात बजे एक कार में जोरदार धमाका हुआ। धमाके के साथ ही वहां खड़ी कई कारों में आग लग गई। घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। इस विस्फोट में 10 लोगों की मौत हो गई है, जबकि 24 से अधिक लोग घायल हो गए। धमाके के बाद दिल्ली-एनसीआर को अलर्ट पर रखा गया है। छत्तीसगढ़ समेत देश के 11 राज्यों में अलर्ट घोषित है। एनआईए ने इस धमाके की जाँच करते हुई कई कड़ियाँ जोड़ी हैं और जाँच कश्मीर तक पहुँच गई है।



