एमएमआई की नर्स की हत्या में उसका दोस्त गिरफ्तार… ब्रेकअप से नाराज था, रात में चाकू से गोदा

राजधानी रायपुर में एमएमआई अस्पताल की नर्स प्रियंका दास (23) की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। वारदात बुधवार को देर रात हुई। आज सुबह प्रियंका की रूममेट ड्यूटी से लौटी, तो प्रियंका की खून से सनी लाश कमरे में देखी। चीख-पुकार सुनकर भीड़ लग गई और पुलिस को खबर दी गई। कुछ घंटे की जांच के बाद पुलिस ने प्रियंका के दोस्त रहे दुर्गेश वर्मा (21) को हिरासत में ले लिया है। संदेही दुर्गेश बड़ा अशोक नगर गुढ़ियारी का रहने वाला है। एसएसपी डॉ लाल उमेद सिंह और एएसपी दौलत सिंह पोर्ते कुछ देर बाद नर्स प्रियंका के मर्डर का खुलासा करेंगे। सूत्रों के अनुसार ब्रेकअप से नाराज दुर्गेश ने प्रियंका की कथित हत्या की और चाकू शव के पास छोड़ गया।
मिली जानकारी के अनुसार मनेंद्रगढ़ की रहने वाली नर्स प्रियंका एमएमआई अस्पताल के पास ही किराए के मकान में रहती थी। उसके सीने पर चाकू मारे गए। पुलिस के मुताबिक मृतका का संदेही दुर्गेश से कुछ समय से विवाद चल रहा था। पिछले एक महीने से प्रियंका अपनी तीन सहेलियों के साथ किराए के घर में रहती थी। गुरुवार सुबह जब उसकी सहेली नाइट ड्यूटी कर लौटी तो कमरे के भीतर प्रियंका की लाश देखी। इसके बाद पड़ोसियों को सूचना दी। पुलिस ने शव के पास मिला चाकू भी जब्त किया है।