रायपुर के संजयनगर में एक परिवार के 5 लोगों की मौत… बंद घर में मिले पिता-माता और 3 बच्चों के शव, खुदकुशी का शक
छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के संजय नगर (मदनी चौक) के एक घर में एक ही परिवार के 5 लोगों के शव मिलनेसे शहर में सनसनी फ़ैल गई है। पुलिस ने छानबीन के बाद मृतकों के नाम साजिद अली उर्फ सज्जू (50 वर्ष), उसकी पत्नी राबिया बानो (45 वर्ष), बेटा इरशाद अली (20 वर्ष) , बेटी शाहिदा बेगम (15 वर्ष) और छोटी बेटी इरशाबा परवीन (12 वर्ष) बताए हैं। मौके पर मौजूद पुलिस अफसरों का अनुमान है कि यह मामला सामूहिक आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है।
पुलिस को शुक्रवार-शनिवार की दरमियानी रात lइस घटना की सूचना मिली। पड़ोसियों ने गुरुवार शाम से बंद घर में कोई हलचल न होने पर संदेह व्यक्त करते हुए पुलिस को सूचना दी थी। यह परिवार पिछले आठ महीनों से इस मकान में किराए से रह रहा था। डीसीपी राहुल देव और स्थानीय पुलिस के अनुसार प्रथमदृष्टया यह आत्महत्या का मामला लग रहा है, जिसमें साजिद अली द्वारा उठाए गए आत्मघाती कदम से पूरे परिवार की मृत्यु हुई। अभी मौत का तरीका और कारण स्पष्ट नहीं हैं। टिकरापारा पुलिस और फोरेंसिक एक्सपर्ट्स की टीम ने मौके पर पहुंचकर मकान को सील कर दिया है। मृत्यु के कारणों की पुष्टि विस्तृत पोस्टमार्टम (PM) रिपोर्ट और फोरेंसिक विश्लेषण के बाद ही हो सकेगी।



