मरीन ड्राइव में काफ़िला रोककर सीएम साय ने खरीदा “आशीर्वाद का दीया”… पसरे वाली मीराबाई को दिए हज़ार रुपए… मुख्यमंत्री को बीच देखकर लोगों में कौतूहल
राजधानी रायपुर के तेलीबांधा मरीन ड्राइव में मंगलवार को दोपहर सीएम विष्णुदेव साय ने काफ़िला रुकवाया और वहीं पसरा लगाकर मिट्टी के दीये बेच रही मीरा से दिया ख़रीदने लगे। अचानक इस तरह मुख्यमंत्री को अपने बीच पाकर लोग कौतूहलवश उनकी तरफ़ आने लगे। इधर, सीएम साय ने पसरे पर रखे मिट्टी के दीयों को देखा और कल शाम ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम के लिए वहीं से दीया खरीदा और एक हज़ार रुपए दिए। छोटे कारोबार से आजीविका चला रही मीरा मीरा के लिए यह किसी सुंदर संदेश से कम नहीं था।
दीया खरीदते हुए सीएम साय ने मीरा से उसके कामकाज और परिवार का हालचाल जाना। यह भी पूछा कि उसे केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ मिल रहा है या नहीं। मीरा ने बताया कि प्रधानमंत्री जनधन योजना में उसका बैंक खाता खुल चुका है। महतारी वंदन योजना के अंतर्गत उसे हर महीने एक हजार रुपए मिल रहे हैं। यह सुनकर मुख्यमंत्री साय ने प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाएं तभी सार्थक होती हैं, जब उनका लाभ जरूरतमंद व्यक्ति तक सीधे पहुंचे, उसे संबल दे और उसके जीवन को बेहतर बनाने में सहायक बने। शासन की प्राथमिकता यही है कि जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पूरी सहजता और पारदर्शिता के साथ पहुंचे।
सीएम साय ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में जनधन योजना ने गरीब, वंचित और जरूरतमंद परिवारों को बैंकिंग व्यवस्था से जोड़कर आर्थिक समावेशन का मजबूत आधार तैयार किया है। बैंकिंग व्यवस्था से जुड़ने के कारण आज विभिन्न योजनाओं की राशि सीधे हितग्राहियों के खातों तक पहुंच रही है। इसी तरह छत्तीसगढ़ में महतारी वंदन योजना से माताओं-बहनों को प्रतिमाह एक हजार रुपए दिए जा रहे हैं। यह राशि उनके छोटे-बड़े दैनिक खर्चों में सहयोग देने के साथ उनमें आर्थिक आत्मविश्वास भी बढ़ा रही है।



