आज की खबर

स्मृति ईरानी की सांसदों-विधायकों को फील्ड पर मूवमेंट और लोगों से मेलजोल बढ़ाने की सलाह… सोशल मीडिया पर ख़ुद के प्रचार से बचने की नसीहत

भाजपा की राष्ट्रीय महामंत्री तथा छत्तीसगढ़ भाजपा प्रभारी स्मृति ईरानी ने सोमवार को सांसदों और विधायकों के साथ बैठक में सभी को फील्ड पर जाकर आम लोगों से नियमित संपर्क रखने की हिदायत दी है। इस बैठक में सीएम विष्णुदेव साय भी मौजूद थे। स्मृति ने सभी विधायकों से कहा कि वे दिवाली के आसपास अपने विधानसभा क्षेत्र में भोज आयोजित करें और लोगों से जुड़ें, क्योंकि ऐसे आयोजनों से कार्यकर्ताओं और क्षेत्र की जनता के बीच दूरी कम होती है। सूत्रों के अनुसार उन्होंने अपनी सलाह दोहराई कि पार्टी नेताओं को सोशल मीडिया में व्यक्तिगत प्रचार-प्रसार से बचना चाहिए। स्मृति ईरानी ने कहा कि नेताओं के सोशल मीडिया अकाउंट्स में पार्टी के कार्यक्रम और लोगों की समस्याएं कम नज़र आती हैं, जबकि ये शादी-ब्याह की तस्वीरों और जन्मदिन के कार्यक्रमों के वीडियो से भरे पड़े हैं।

सांसदों-विधायकों के साथ बैठक की शुरुआत करते हुए स्मृति ईरानी ने एक-एक कर सभी का परिचय लिया।  उन्होंने विधायकों से मन की बात जैसे कार्यक्रमों को अपने-अपने बूथ पर कार्यकर्ताओं के साथ सुनने और उनसे नियमित संपर्क बनाए रखने को भी कहा। उन्होंने विधायकों से कार्यकर्ताओं और आम जनता की समस्याओं के समाधान के लिए यथासंभव मेहनत करने की सलाह दी। बैठक में उनका जोर जनप्रतिनिधियों के क्षेत्र में सक्रिय रहने और लोगों के साथ जुड़ाव बनाए रखने पर रहा।

स्मृति ईरानी दो दिन के प्रवास के बाद देर शाम दिल्ली रवाना होंगी। अभी वे वह कोर ग्रुप की बैठक ले रही हैं, जो लगभग साढ़े 3 बजे शुरू हुई है। सूत्रों के मुताबिक, बैठक में नगरीय निकाय उपचुनाव की तैयारियों पर विशेष रूप से चर्चा हो सकती है। प्रदेश के 15 नगरीय निकायों में होने वाले उपचुनाव के लिए भाजपा ने प्रभारियों की नियुक्ति की है। महामंत्री संगठन कर्मवीर सिंह भी इस संबंध में बैठक ले चुके हैं। माना जा रहा है कि प्रदेश अध्यक्ष किरण देव अब तक की तैयारियों की जानकारी स्मृति ईरानी को देंगे।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button