आज की खबर

परिवहन विभाग की प्रदेश में दो दिन छापेमारी… 364 गाड़ियां नियम उल्लंघन में फंसी, 5 जब्त… 19 के परमिट रद्द करने का केस

कमिश्नर एस प्रकाश, अपर कमिश्नर डी रविशंकर की सीधी मॉनिटरिंग

छत्तीसगढ़ परिवहन विभाग ने सुरक्षा और परमिट समेत नियमों का उल्लंघन करने वाले बस संचालकों पर दो दिन का ताबड़तोड़ अभियान चलाया है। परिवहन आयुक्त IAS एस प्रकाश एवं अपर परिवहन आयुक्त IPS डी रविशंकर के निर्देशन में प्रदेशभर में 24 और 25 अक्टूबर को लगातार दो दिन चली छापेमारी में 364 गाड़ियों को नियमों के उल्लंघन के कारण चालान किया गया है। अधिकृत जानकारी के अनुसार इस दौरान 12 गाड़ियाँ ​बिना परमिट, 10 गाड़ियाँ ​बिना फिटनेस, 3 बगैर इंश्योरेंस, 27 बिना प्रदूषण नियंत्रण (PUC) प्रमाण पत्र तथा 236 गाड़ियाँ अलग-अलग नियमों के उल्लंघन में पकड़ी गई हैं। यही नहीं, नियमों के गंभीर उल्लंघनों के तहत कुल 5 वाहनों को मौके से ही जब्त कर लिया गया।

प्रदेशभर के सभी जिला परिवहन कार्यालयों द्वारा चलाए गए इस विशेष अभियान के दौरान नियमों के विपरीत पाए जाने पर 19 मामलों में परमिट निरस्त करने का केस भी शुरू किया जा रहा है। खास बात ये है कि इनमे से 17 मामले केवल अकेले रायपुर जिले के हैं। अभियान के दौरान ​नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों से 4,81,300 रुपये का चालान भी वसूल किया गया है।

आयुक्त एस प्रकाश और अपर आयुक्त डी रविशंकर ने वाहन स्वामी तथा चालकों से कहा है कि गाड़ियों में वैध परमिट, फिटनेस, बीमा, प्रदूषण प्रमाण पत्र (PUC) आदि सभी कागजात पूर्ण रखें तथा यातायात नियमों का कड़ाई से पालन करें। भविष्य में भी यह विशेष प्रवर्तन अभियान निरंतर जारी रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button