डीजे में डांस को लेकर खूनी संघर्ष… तलवार चाकू से हमले में युवक की मौत, पिता-भाई समेत 4 घायल… बिलासपुर पुलिस ने 14 युवकों को लिया हिरासत में
बिलासपुर के मस्तूरी क्षेत्र में गणेश पंडाल में डीजे पर नाचने को लेकर हुए विवाद में शैलेष कुमार राठौर (32 वर्ष) की चाकू और तलवार से हमला कर हत्या कर दी गई है। पुलिस के अनुसार गणेश उत्सव पंडाल में डीजे (DJ) बजाने और उस पर डांस करने को लेकर आज 21 सितंबर को दो गुटों के बीच तीखी बहस हुई, जिसने बाद में खूनी संघर्ष का रूप ले लिया और युवकों के एक गुट ने शैलेष और उसके परिजनों पर तलवार और चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। हमले में गंभीर रूप से घायल शैलेष की मौत हो गई, जबकि उसके पिता व्यास नारायण राठौर, बड़ा भाई रवि कुमार राठौर, विक्रम राठौर और विकास राठौर गंभीर रूप से घायल हुए हैं। ये सभी बीच-बचाव कर रहे थे लेकिन हमलावरों ने इन्हें भी नहीं छोड़ा।

मस्तुरी से लगे गतौरा में रविवार रात 11 बजे हुई इस वारदात के बाद पुलिस ने 14 संदिग्धों (संदेहियों) को हिरासत में ले लिया है और उनसे पूछताछ कर रही है। पुलिस के मुताबिक आरोपियों का पहले भी मृतक पक्ष से विवाद हुआ था, ऐसी भी सूचनाएँ हैं। फिलहाल आरोपियों के नामों का खुलासा नहीं किया गया है, लेकिन सूत्रों ने बताया कि हमलावरों की पहचान हो गई है। इस वारदात से लोगों में आक्रोश है। मृतक की पत्नी ने आरोपियों को कड़ी से कड़ी सजा (फांसी) देने की मांग की है।



