आज की खबर

छत्तीसगढ़ राज्योत्सव का कल 3 नवंबर को समापन, अमित शाह आएंगे… केंद्रीय गृहमंत्री का 5 घंटे का प्रवास, वापसी रात में ही

केंद्रीय गृह और सहकारिता मंत्री अमित शाह कल मंगलवार, 3 नवंबर को छत्तीसगढ़ के दौरे पर 5 घंटे के लिए रायपुर आ रहे हैं। वे इस दौरान नवा रायपुर में आयोजित हो रहे तीन दिवसीय ‘छत्तीसगढ़ राज्योत्सव’ के समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। सीएम विष्णुदेव साय एयरपोर्ट पर गृहमंत्री शाह का स्वागत करेंगे और राज्योत्सव समापन समारोह की अध्यक्षता भी सीएम करेंगे।

गृह मंत्री का रायपुर दौरा बेहद व्यस्त रहने वाला है। वे दोपहर 3:05 बजे स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट, रायपुर आएंगे। शाम को पंडरी स्थित निजी अस्पताल के लोकार्पण और उद्घाटन समारोह में शामिल होंगे। इसके उपरांत नवा रायपुर के सेक्टर-16 स्थित ‘पीपल वन’ में ‘विकसित भारत संकल्प पार्क’ का लोकार्पण करेंगे। वे शाम 6:00 बजे से रात 8:00 बजे तक नवा रायपुर के राज्योत्सव मैदान में छत्तीसगढ़ राज्योत्सव के समापन समारोह और ‘राज्य अलंकरण समारोह’ में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। इस कार्यक्रम की अध्यक्षता मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय करेंगे। इस दौरान राज्य की उन प्रतिभाओं को सम्मानित किया जाएगा जिन्होंने विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान दिया है। समारोह के तुरंत बाद गृहमंत्री शाह रायपुर एयरपोर्ट से विशेष विमान द्वारा वापस दिल्ली के लिए रवाना हो जाएंगे।

इस बार छत्तीसगढ़ राज्योत्सव की थीम ‘नक्सल मुक्त राज्य’ रखी गई है, जो गृह मंत्री के नक्सलवाद को खत्म करने के संकल्प से जुड़ी है। समापन के दिन पारंपरिक लोक कलाओं, आदिवासी संस्कृति, शास्त्रीय नृत्य और मशहूर बॉलीवुड सिंगर अभिजीत भट्टाचार्य के संगीत का शानदार संगम देखने को मिलेगा।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button