छत्तीसगढ़ भाजपा प्रभारी के लिए स्मृति ईरानी का नाम चर्चा में… हालांकि तीन और नामों पर भी मंथन के संकेत
अमेठी से लोकसभा चुनाव हारने के बाद से राजनैतिक तौर पर अदृश्य रहने के बाद हाल में लौटी स्मृति ईरानी को छत्तीसगढ़ का भाजपा प्रभारी बनाया जा सकता है। हालांकि, भारतीय जनता पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व की ओर से अभी तक इसकी कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। हालांकि छत्तीसगढ़ प्रभारी के लिए पार्टी में सुनील बंसल, गजेंद्र पटेल और हरीश द्विवेदी के नाम भी चर्चा में हैं।
छत्तीसगढ़ के पूर्व प्रदेश प्रभारी तथा अब भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने अपनी नई राष्ट्रीय कार्यकारिणी टीम में पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी को राष्ट्रीय महासचिव नियुक्त किया है। छत्तीसगढ़ के प्रदेश प्रभारी नितिन नवीन ही थे, इसलिए कद्दावर प्रदेश प्रभारी की तलाश है। चूंकि स्मृति ईरानी अब राष्ट्रीय महासचिव हैं, इसलिए नियमानुसार उन्हें किसी बड़े राज्य का प्रभार दिया जा सकता है। वे अपनी आक्रामक राजनीतिक शैली, प्रखर वक्तव्य और कड़क संगठन क्षमता के लिए जानी जाती हैं। छत्तीसगढ़ में महिला मतदाताओं की संख्या और भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। स्मृति ईरानी का राष्ट्रीय स्तर पर महिला चेहरा होना और महिलाओं से जुड़ाव पार्टी के लिए छत्तीसगढ़ में फायदेमंद साबित हो सकता है। स्मृति ईरानी पहले भी भाजपा महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष और कई मंत्रालयों की केंद्रीय मंत्री रह चुकी हैं।
हालांकि छत्तीसगढ़ भाजपा प्रभारी की दौड़ में केवल स्मृति ईरानी ही बल्कि सूत्रों के अनुसार तीन अन्य बड़े नामों पर भी मंथन चल रहा है। राष्ट्रीय महासचिव सुनील बंसल की दावेदारी भी बेहद मजबूत मानी जा रही है। वे उत्तर प्रदेश में भाजपा के संगठन को खड़ा करने और अपनी कुशल चुनावी रणनीति के लिए जाने जाते हैं। नई राष्ट्रीय टीम में महासचिव बनाए गए गजेंद्र पटेल के नाम की भी चर्चा है।इनके अलावा उत्तर प्रदेश से आने वाले राष्ट्रीय महासचिव हरीश द्विवेदी भी इस रेस में शामिल हैं।



