छत्तीसगढ़ ने उन वीर शहीद पुलिस जवानों को याद किया, जिन्होंने जान देकर प्रदेश को मुक्त करवाया नक्सलवाद से… शहीदों के परिजन का भी सीएम ने किया सम्मान

छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में आज, 21 अक्टूबर को पुलिस स्मृति दिवस पर वीर शहीद जवानों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। माना में बटालियन के प्रांगण में हुए पुलिस स्मृति दिवस परेड में सीएम विष्णु देव साय, डिप्टी सीएम विजय शर्मा , डीजीपी अरुणदेव गौतम सहित कई वरिष्ठ पुलिस अफसर शामिल हुए। सीएम तथा आला अफसरों ने विष्णु देव साय और वरिष्ठ अधिकारियों ने शहीद स्मारक पर पुष्पचक्र अर्पित कर वीर जवानों की शहादत को नमन किया। सीएम ने कहा कि राज्य को नक्सलवाद के दंश से मुक्त कराने में हमारे वीर जवानों का अदम्य साहस, समर्पण और सर्वोच्च बलिदान हमेशा याद रखा जाएगा।
हाल ही में सुकमा के कोंटा में नक्सली आईईडी (IED) ब्लास्ट में शहीद हुए एडिशनल एसपी (ASP) आकाश राव गिरेपुंजे सहित अन्य शहीद पुलिस अधिकारियों और जवानों के परिजनों को सीएम और डिप्टी सीएम ने शॉल, श्रीफल और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री साय ने कहा कि पुलिस जवानों की मुस्तैदी, कड़े अनुशासन और निष्ठा के कारण ही राज्य के नागरिकों को सुरक्षित और शांतिपूर्ण वातावरण मिल पा रहा है।
पुलिस स्मृति दिवस परेड में डीजीपी गौतम के साथ स्पेशल डीजी प्रदीप गुप्ता, जेल डीजी हिमांशु गुप्ता, पवन देव, इंटेलिजेंस चीफ अमित कुमार, एडीजी दीपांशु काबरा, एडीजी विवेकानंद सिंह, रायपुर आईजी अमरेश मिश्रा और रायपुर पुलिस कमिश्नर डॉ संजीव शुक्लाके अलावा अधिकांश वरिष्ठ आईपीएस अफसर मौजूद थे।



