करोड़ों की मेन सड़कें ही घटिया बनाईं… PWD ने दो सड़कों की जांच के लिए बनाई 4 अफसरों की कमेटी… 3 दिन में जांच होनी है, पर सैटरडे-संडे छुट्टी का मसला
लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) ने राजनांदगांव-खैरागढ़ मेन रोड तथा राजनांदगांव-मोहला-मानपुर सड़कों के ख़राब काम और भ्रष्टाचार की शिकायत की जांच के लिए 4अफसरों की समिति बनाई है। समिति निर्माण के विभिन्न पहलुओं और शिकायत की जांच कर तीन दिनों में ईएनसी को रिपोर्ट सौंपेगी। जांच समिति में चीफ इंजीनियर कोरम, एसई राजीव नशीने तथा ईंई प्रभात सक्सेना और सीएस ओगरे शामिल हैं। जांच रिपोर्ट के 3 दिन कायदे से सोमवार को पूरे होने हैं, लेकिन बताते हैं कि सैटरडे-संडे की छुट्टी का मसला भी आ गया है।
पीडब्ल्यूडी की जांच समिति राजनांदगांव-खैरागढ़ सड़क एवं राजनांदगांव-मोहला-मानपुर सड़क की किसी स्वतंत्र संस्था से उच्चस्तरीय जाँच कराने, जीएसबी (GSB), डब्लूएमएम (WMM) सब-ग्रेड, डामरीकरण, बिटुमिन की मात्रा, सड़क की मोटाई, घनत्व, ग्रेडेशन, लेवल एवं अंडुलेशन सहित सभी तकनीकी मानकों की प्रयोगशाला से जांच जैसी बिंदुओं पर कम करेगी।
समिति निर्माण कार्य की गुणवत्ता के लिए उत्तरदायी अधिकारियों एवं कार्यपालन एजेंसी की भूमिका, जांच पूर्ण होने तक संबंधित कार्यों के भुगतान पर रोक लगाने पर विचार करने, क्वालिटी से समझौता और भ्रष्टाचार सिद्ध होने पर संबधितों के विरूद्ध कार्यवाही तथा डोंगरगांव-कुमरदा सहित जिन स्थानों पर सड़क उखाड़कर छोड़ी गई है, वहां तत्काल सुरक्षित आवागमन हेतु मरम्मत, चेतावनी संकेत एवं वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित कराने के संबंध में अपनी रिपोर्ट देगी।



