आज की खबर

सिंगापुर में छत्तीसगढ़ का जलवा… सीएम साय और टीम ने वहां के उद्योगपतियों को बताया हमारा विकास मॉडल… प्रदेश के विकास में भागीदारी का न्योता भी

सिंगापुर में SING फोरम के लिए भारत सरकार की ओर से छत्तीसगढ़ को नॉमिनेट करने का प्रदेश को बड़ा फायदा मिलने की उम्मीद की जा रही है। छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करते हुए सीएम विष्णुदेव साय ने वहां के संस्थान “गार्डन्स बाय द बे के” साथ महत्वपूर्ण चर्चा हुई है। इस बातचीत में सीएम के प्रधान सचिव सुबोध कुमार सिंह भी मौजूद थे। उन्होंने कहा कि नवा रायपुर में बॉटनिकल गार्डन के विकास, ग्रीनरी और ईको-टूरिज्म को बढ़ावा देने के लिए गार्डन्स बाय द बे के अनुभवों का लाभ मिलेगा। सीएम और उनकी टीम सिंगापुर बिजनेस फेडरेशन के लीडरशिप डिनर में भी शामिल हुई। सिंगापुर के उद्योग जगत के प्रतिनिधियों के समक्ष सीएम साय ने छत्तीसगढ़ की निवेश संभावनाओं पर बात रखी और उन्हें विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में भागीदारी के लिए आमंत्रित भी किया।

सिंगापुर प्रवास के दूसरे दिन सीएम साय एवं छत्तीसगढ़ के प्रतिनिधिमंडल ने विश्व प्रसिद्ध ‘गार्डन्स बाय द बे’ के जनरल मैनेजर, मास्टर प्लानिंग जेसन येओ तथा डायरेक्टर लिम चियाप सॉन्ग सहित संस्थान के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ औपचारिक बैठक की। बैठक के दौरान छत्तीसगढ़ के प्रतिनिधिमंडल को गार्डन्स बाय द बे की मास्टर प्लानिंग, सतत डिजाइन और उद्यान प्रबंधन से जुड़ी उत्कृष्ट कार्यप्रणालियों की जानकारी दी गई। दोनों पक्षों के बीच उद्यानिकी, वनस्पति संरक्षण, शहरी हरियाली, ईको-टूरिज्म और क्षमता विकास के क्षेत्रों में संस्थागत सहयोग की संभावनाओं पर विस्तार से चर्चा हुई।

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ समृद्ध वनों और जैव विविधता से परिपूर्ण प्रदेश है। गार्डन्स बाय द बे की विशेषज्ञता और अनुभवों का लाभ नवा रायपुर में बॉटनिकल गार्डन के विकास के साथ ही प्रदेश के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर लैंडस्केपिंग और हरित क्षेत्रों के विस्तार में लिया जा सकता है। इससे छत्तीसगढ़ में पर्यटन की संभावनाओं को नया विस्तार मिलेगा, पर्यटकों की संख्या बढ़ेगी और सैकड़ों लोगों के लिए रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।

शाम को सीएम साय सिंगापुर बिजनेस फेडरेशन द्वारा आयोजित लीडरशिप डिनर में शामिल हुए। इस अवसर पर हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, सिंगापुर में भारत के उच्चायुक्त डॉ. शिल्पक अंबुले, सिंगापुर बिजनेस फेडरेशन के चेयरमैन मार्क ली और सीईओ कोक पिंग सून उपस्थित थे। लीडरशिप डिनर में सिंगापुर बिजनेस फेडरेशन के सदस्यों के साथ मास्टरकार्ड, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज, नेस्ले और द इंडियन होटल्स कंपनी लिमिटेड के वरिष्ठ प्रतिनिधि तथा छत्तीसगढ़ के 7 सदस्यीय और हरियाणा के 26 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने भी सहभागिता की।

सीएम साय 5 अक्टूबर को SING फोरम 2026 में सहभागिता करेंगे। इसके पश्चात 6 अक्टूबर को सिंगापुर की प्रमुख कंपनियों और निवेश संस्थानों के शीर्ष नेतृत्व के साथ आयोजित सीईओ राउंडटेबल में छत्तीसगढ़ की निवेश संभावनाओं और आर्थिक साझेदारी के अवसरों पर विस्तृत चर्चा करेंगे, फिर रायपुर लौटेंगे।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button