मोदी पर खरगे का बयान, भाजपा का तीखा वार… स्मृति ईरानी, सीएम साय समेत भाजपा नेता-मंत्रियों ने कांग्रेस को घेरा
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के “मोदी का बाप भी जाएगा” वाले बयान पर छत्तीसगढ़ की राजनीति में भारी बवाल मच गया है। पटना के एक कार्यक्रम में दिए गए इस बयान की भाजपा नेताओं ने तीखी आलोचना की है। छत्तीसगढ़ भाजपा की प्रदेश प्रभारी स्मृति ईरानी, सीएम विष्णुदेव साय और राज्य के वरिष्ठ भाजपा नेताओं ने खरगे के बयान पर कड़ा ऐतराज जताया है।
स्मृति ईरानी ने सोशल मीडिया पर लिखा कि पीएम मोदी के दिवंगत पिता के लिए ऐसी अभद्र भाषा का इस्तेमाल करना कांग्रेस के राजनीतिक दिवालियापन और हताशा का प्रमाण है। जब नीतियों पर चर्चा करने का सामर्थ्य नहीं बचता, तो कांग्रेस व्यक्तिगत अपमान को हथियार बनाती है। सीएम विष्णुदेव साय ने कहा कि पीएम मोदी के पिता पर घृणित और अमर्यादित टिप्पणी घोर निंदनीय और शर्मनाक है। यह कांग्रेस की गिरती राजनीतिक सोच और वैचारिक दिवालियेपन को उजागर करता है। जनता इस संस्कारहीन ओछी राजनीति को भली-भांति पहचान चुकी है। जब-जब कांग्रेस ने ऐसी घृणित भाषा अपनाई, जनता ने उन्हें करारा जवाब दिया। इस बार भी वही होगा। भाजपा की पूर्व राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सरोज पांडेय, डिप्टी सीएम विजय शर्मा, मंत्री ओपी चौधरी और केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू समेत कई भाजपा नेताओं ने इसे प्रधानमंत्री पद की गरिमा को ठेस पहुंचाने वाला और अमर्यादित बयान बताया है।



