आज की खबर

भाजपा प्रदेश प्रभारी स्मृति ईरानी रायपुर में… होर्डिंग्स और “भव्य स्वागत” से मना किया… “मन की बात” सुनकर शुरू की बैठकें

भाजपा की नवनियुक्त छत्तीसगढ़ प्रदेश प्रभारी स्मृति ईरानी आज रविवार 25 अक्टूबर को अपने दो दिवसीय दौरे पर रायपुर पहुंचीं। प्रदेश प्रभारी की कमान संभालने के बाद यह उनका पहला छत्तीसगढ़ दौरा है। स्मृति ईरानी रायपुर एयरपोर्ट से सीधे प्रदेश भाजपा कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर गईं, जहाँ सीएम विष्णुदेव साय, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष किरण देव तथा रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल समेत  पार्टी नेताओं ने उनका स्वागत किया। स्मृति ईरानी ने पीएम नरेंद्र मोदी के रेडियो कार्यक्रम “मन की बात” सुनने के बाद बैठकों का सिलसिला सीधे ही शुरू कर दिया।

प्रदेश प्रभारी के साथ भाजपा के राष्ट्रीय सचिव और छत्तीसगढ़ के नवनियुक्त प्रदेश सह-प्रभारी सिद्धार्थ शंभू भी रायपुर आए हैं। स्मृति ईरानी के निर्देश पर एयरपोर्ट और शहर में उनके स्वागत के लिए होर्डिंग्स या बड़े बैनर-पोस्टर नहीं लगाए गए हैं। सूत्रों के अनुसार उन्होंने सुरक्षा के लिए तैनात अतिरिक्त पुलिस फोर्स को भी बैठक स्थल से दूर तैनात करने के लिए कहा है।

स्मृति ईरानी दो दिनों के भीतर वे छत्तीसगढ़ भाजपा संगठन के पदाधिकारियों, कोर ग्रुप, जिला अध्यक्षों, पूर्व सांसदों और पूर्व विधायकों के साथ कुल 12 अहम समीक्षा बैठकों में शामिल होंगी। इस दौरान मंत्रियों के साथ भी उनकी वन टू वन संवाद की संभावना है। स्मृति के इस दौरे का मुख्य उद्देश्य आगामी राजनीतिक व चुनावी रणनीतियों को धार देना है।

उन्होंने रायपुर पहुँचकर सबसे पहले प्रदेश नेताओं के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का ‘मन की बात’ कार्यक्रम सुना, जिसके बाद बैठकों का दौर शुरू हुआ। आज ही शाम को वे भाजपा के कोर ग्रुप के सदस्यों, जिलाध्यक्षों और संभाग प्रभारियों के साथ अहम रणनीतिक चर्चा करेंगी। कल 26 अक्टूबर को वे पूर्व सांसदों, विधायकों से मुलाकात के बाद एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को भी संबोधित करेंगी।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button