पीएम मोदी के जन्मदिन पर 17 सितंबर को शाम 7 बजे हर घर में दिया जलाने का आह्वान किया सीएम साय ने… उसी दिन से प्रदेश में “सेवा संकल्प अभियान”
छत्तीसगढ़ में पीएम नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस 17 सितंबर की शाम हर घर में ‘आशीर्वाद का दीया’ जलाया जाएगा। इस दिन से छत्तीसगढ़ में सेवा संकल्प अभियान शुरू किया जाएगा जो एक माह यानी 17 अक्टूबर तक चलेगा। सीएम विष्णुदेव साय ने इस अभियान के दौरान प्रदेशवासियों से सेवा, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और जरूरतमंदों की सहायता के कार्यों से जुड़ने की अपील की है। उन्होंने कहा कि 17 सितंबर का ‘आशीर्वाद का दीया’ पीएम मोदी के स्वस्थ एवं सुदीर्घ जीवन की शुभकामनाओं के साथ सेवा, जनकल्याण और विकसित भारत के संकल्प का प्रतीक बनेगा।
छत्तीसगढ़ के लोगों के नाम जारी अपील में सीएम साय ने कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी ने अपने सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष राष्ट्र और जनसेवा को समर्पित किए हैं। उन्हीं के जन्मदिवस के परिप्रेक्ष्य में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक पूरे देश में ‘सेवा संकल्प अभियान’ आयोजित किया जा रहा है। सेवा छत्तीसगढ़ की संस्कृति और संस्कारों का अभिन्न हिस्सा है। प्रदेश का प्रत्येक नागरिक अपनी सहभागिता से इस अभियान को जनसेवा और जनभागीदारी का व्यापक उत्सव बनाएं।
सीएम साय ने पीएम मोदी के जन्मदिवस पर प्रदेशवासियों से अपील की कि 17 सितंबर को संध्या 7 बजे प्रत्येक परिवार अपने घर में ‘आशीर्वाद का दीया’ अवश्य जलाएं और अपने आसपास के लाभार्थी परिवारों को भी इस पहल से जोड़ें। उन्होंने कहा- आइए… हम सभी मिलकर ‘सेवा संकल्प अभियान’ को छत्तीसगढ़ में जनभागीदारी का उत्सव बनाएं। सेवा और जनकल्याण के कार्यों से जुड़कर विकसित भारत के निर्माण में विकसित छत्तीसगढ़ की सशक्त भागीदारी सुनिश्चित करें।



