आज की खबर
नवा रायपुर में 2 नवंबर को “सारंग” और “आकाशगंगा” का भव्य एयर-शो सुबह 11 बजे से… आज हुई फुल ड्रेस रिहर्सल, इसमें सीएम साय सपरिवार मौजूद
छत्तीसगढ़ राज्योत्सव के अवसर पर नवा रायपुर के सेंध लेक में भारतीय वायु सेना (IAF) का भव्य एयर शो 2 नवंबर को सुबह 11:00 बजे होगा। आज रविवार 1 नवंबर को इस शानदार हवाई प्रदर्शन की फुल ड्रेस रिहर्सल हुई। इसमें सीएम विष्णु देव साय धर्मपत्नी कौशल्या साय और परिवार के साथ उपस्थित थे। सीएम साय के साथ खाद्य मंत्री दयालदास बघेल, कौशल विकास मंत्री गुरु खुशवंत साहेब और विधायक धरमलाल कौशिक सहित वायुसेना के वरिष्ठ अधिकारियों ने नवा रायपुर में सेंध लेक के आकाश में जाँबाजों के अद्भुत शौर्य और तालमेल की रिहर्सल देखी।
सारंग टीम के ग्रुप कैप्टन अभिजीत कुमार के नेतृत्व में वायुसेना की प्रतिष्ठित ‘सारंग हेलीकॉप्टर डिस्प्ले टीम’ के 5 स्वदेशी ध्रुव हेलीकॉप्टरों ने आसमान में मोर और तिरंगे के रंगों के साथ दिल व अन्य आकर्षक आकृतियां बनाकर हवा में रोमांच बिखेरा। विशेष बात यह है कि इस टीम में दो महिला पायलट—स्क्वाड्रन लीडर अंकिता और स्क्वाड्रन लीडर अक्षया भी शामिल हैं। शो के दौरान वायुसेना की प्रसिद्ध स्काईडाइविंग टीम आकाशगंगा के जांबाज सैनिकों ने एएन-32 विमान से जमीन से 8,000 फीट की ऊंचाई से सटीक पैराशूटिंग जंप का हैरतअंगेज प्रदर्शन किया। इसके साथ ही रिहर्सल में गरुड़ कमांडोज ने एमआई-17 (Mi-17) हेलीकॉप्टर से रस्सी के सहारे बेहद कम ऊंचाई पर नीचे उतरने (स्लिदरिंग) का साहसिक प्रदर्शन भी किया।



