दुर्ग यूनिवर्सिटी के कुलसचिव हटाए गए… डेली वेजेज़ कर्मचारी की सैलरी हड़पने का लगा था आरोप… नए प्रभारी कुलसचिव को भेजा
दुर्ग के हेमचंद यादव विश्वविद्यालय के कुलसचिव भूपेंद्र कुमार कुलदीप को हटाकर उच्च शिक्षा संचालनालय रायपुर में पदस्थ कर दिया गया है। उनकी जगह इतिहास के प्रोफेसर डॉ अनिल कुमार पांडे को दुर्ग विवि का कुलसचिव बनाया गया है।

भूपेंद्र कुलदीप एक महिला कर्मचारी की सैलरी हड़पने और पद का दुरुपयोग करने के आरोप से चर्चा में आए थे। उनके ख़िलाफ़ विश्वविद्यालय की ही दैनिक वेतनभोगी महिला कर्मी ने आर्थिक धोखाधड़ी की शिकायत विश्वविद्यालय की कुलपति से की थी। उसने आरोप लगाया था कि कुलदीपइस महिला कर्मचारी को मिलने वाली सैलरी का एक बड़ा हिस्सा डिजिटल पेमेंट (UPI) के जरिए कुलसचिव अपने बेटे के बैंक खाते में ट्रांसफर करवा लेते थे। जांच में सामने आया कि इस तरह कुल 1,49,384 रुपये दूसरे खाते में ट्रांसफर कराए गए। इस मामले की जाँच के लिए बनाई गई समिति ने शिकायत को सही ठहराया था। जांच रिपोर्ट के आधार पर विश्वविद्यालय प्रशासन ने दुर्ग एसएसपी (SSP) को कार्रवाई के लिए आधिकारिक पत्र भेजा। इसके बाद दुर्ग की मोहन नगर पुलिस ने मामला दर्ज कर कुलसचिव भूपेंद्र कुलदीप को गिरफ्तार कर लिया था। अब शासन ने उन्हें पद से हटा दिया है।



