छत्तीसगढ़ में 9 नवंबर का स्थानीय अवकाश रद्द, यह 20 नवंबर को देवउठनी पर शिफ्ट… पर भ्रमित न हों, 9 को भी गोवर्धन पूजा की सरकारी छुट्टी रहेगी
छत्तीसगढ़ सरकार ने 9 नवंबर को को गोवर्धन पूजा पर घोषित “स्थानीय अवकाश” (Local Holiday) की तारीख बदलकर 20 नवंबर (देवउठनी एकादशी) कर दी है। लेकिन इससे भ्रमित होने की जरूरत नहीं है कि 9 तारीख पर दी गई गोवर्धन पूजा की छुट्टी रद्द की गई है। सरकारी विभागों के लिए गोवर्धन पूजा को छुट्टी ही रहेगी।
आज 3 नवंबर को जारी एक आदेश के बाद भ्रम फैला है कि गोवर्धन पूजा की छुट्टी रद्द कर उसकी जगह देवउठनी एकादशी को अवकाश दिया गया है।
दरअसल शासन ने 26 अक्टूबर को एक आदेश जारी कर 9 नवंबर को गोवर्धन पूजा के अवसर पर पूरे राज्य में सामान्य/सार्वजनिक अवकाश (Public Holiday) घोषित कर दिया था। चूंकि 9 नवंबर को पहले से ही पूरे प्रदेश में सरकारी छुट्टी (सार्वजनिक अवकाश)घोषित हो चुकी है, इसलिए रायपुर, नवा रायपुर अटल नगर और बस्तर जैसे जिलों के लिए अलग से 9 नवंबर को “स्थानीय अवकाश” घोषित करना तकनीकी तौर पर ग़लत हो गया था। आज इसे ही सुधारकर नया आदेश जारी हुआ और इससे नया भ्रम फैल गया। जबकि अफसरों ने स्पष्ट किया कि 9 नवंबर को गोवर्धन पूजा के कारण पूरे छत्तीसगढ़ में सामान्य सरकारी छुट्टी रहेगी। वहीं, रायपुर और संबंधित क्षेत्रों के सरकारी दफ्तरों में 20 नवंबर को देवउठनी एकादशी का स्थानीय अवकाश रहेगा, जिससे कर्मचारियों को शुक्रवार, शनिवार और रविवार का तीन दिन का लंबा वीकेंड मिलेगा। (यह स्थानीय अवकाश बैंकों और कोषालयों पर लागू नहीं होगा)।



