छत्तीसगढ़ : टीचर मां और बेटे का हत्यारा सहेली का पति निकला… 19 लाख रुपए के लिए मां की हत्या… फिर सबूत मिटाने 12th के छात्र बेटे को मारकर फेंका
सूरजपुर में सरकारी स्कूल की हेडमास्टर और उनके बेटे का हत्यारा मृतका की सहेली (सहकर्मी टीचर) का पति प्रवेश कुमार (36 वर्ष) निकला। आरोपी ने 19 लाख रुपये के लोन की रकम की लालच में नृशंस वारदात को अंजाम दिया। पुलिस जांच जोर पकड़ने के बाद वह फरार हो गया था। पुलिस ने छापेमारी कर उसे दूसरे राज्य में पकड़ा।
पुलिस अफसरों ने बताया कि मृतका रजनी बरेठ (बेलटिकरी के सरकारी स्कूल में शिक्षिका/प्रधान पाठक प्रभार)। वह अपने पति से तलाक के बाद विश्रामपुर के केशवनगर में किराए के मकान में अपने 12वीं कक्षा में पढ़ने वाले बेटे सुजल बरेठ के साथ रहती थीं। आरोपी प्रवेश उर्फ परवेश कुमार, निवासी विश्रामपुर (मूल निवासी करनाल, हरियाणा) की पत्नी और रजनी बरेठ एक ही स्कूल में शिक्षिका थीं। जिसके कारण उसका रजनी के घर आना-जाना था। आरोपी प्रवेश कुमार ने पूछताछ में बताया कि उसने मोटर-पार्ट्स के बिजनेस के लिए 20 लाख रुपये का लोन लिया था। जिसकी किस्तें चुकाने के लिए उसे पैसों की सख्त जरूरत थी। उसे यह जानकारी लगी कि शिक्षिका रजनी बरेठ ने हाल में 19 लाख रुपये का लोन लिया है। इसी रकम को लेने के इरादे से वह 9 अक्टूबर की दोपहर को रजनी बरेठ के घर पहुंचा था।
पुलिस ने बताया कि शाम जब रजनी ड्यूटी से लौटीं, तो प्रवेश घर पहुंचा और उनसे पैसों की मांग की। रजनी ने मना कर दिया तो आरोपी बौखला गया। उसने बॉटल से उनके सिर पर ताबड़तोड़ वार कर दिया। जब वह बेसुध हो गईं, तो आरोपी ने गला घोंटकर हत्या कर दी और लाश को बाथरूम में बंद कर दिया। जब रजनी का बेटा सुजल ट्यूशन से घर लौट रहा था, तो आरोपी उसे रास्ते में ही मिल गया। प्रवेश ने सुजल को यह झूठ बोला कि उसकी मां उसके घर पर है और उसे अपनी कार में बैठा लिया। रास्ते में उसे मैगी भी खिलाई। इसके बाद वह उसे सुनसान जगह (महावीरपुर के पास) ले गया और सीमेंट के टुकड़े/पत्थर से सिर और सीने पर वार कर उसकी भी बेरहमी से हत्या कर दी।
हत्याकांड को अंजाम देने के बाद आरोपी ने सबूत मिटाने के लिए मां-बेटे के मोबाइल फोन छिपा दिए, दस्तावेजों को हड़प लिया और अपनी कार की मैट तक जला दी।
इस अंधे कत्ल की गुत्थी को सुलझाने के लिए सूरजपुर पुलिस और अंबिकापुर साइबर सेल की संयुक्त टीम लगाई गई थी। पुलिस ने घटना के रूट के सीसीटीवी (CCTV) फुटेज खंगाले, जिसमें प्रवेश कुमार संदिग्ध हालत में नजर आया। जांच के दौरान ही आरोपी फरार हो गया था, जिसे पुलिस ने दूसरे राज्य से घेराबंदी कर हिरासत में लिया। कड़ाई से पूछताछ करने पर उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उसकी निशानदेही पर मोबाइल और दस्तावेज बरामद कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।



