गैंगस्टर लॉरेंस के नाम रंगदारी… शोएब ढेबर के खिलाफ लुकआउट नोटिस… विदेश भागने की आशंका पर रायपुर पुलिस का एक्शन
गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के नाम पर कांग्रेस नेता से 25 करोड़ रुपये की रंगदारी और जान से मारने की धमकी के मामले में फरार चल रहे शोएब ढेबर के खिलाफ रायपुर पुलिस ने लुकआउट सर्कुलर (LOC) जारी कर दिया है। यह एक्शन शोएब के देश से बाहर जाने की आशंका पर लिया गया है। रायपुर पुलिस ने लंबे अरसे बाद किसी आरोपी के खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी किया है। हालांकि सीबीआई और ईडी जैसी एजेंसियां बड़े फरार आरोपियों के ख़िलाफ़ ऐसे नोटिस अक्सर जारी करती हैं।
रायपुर के कांग्रेस नेता को विदेशी नंबर से व्हाट्सएप कॉल और मैसेज के जरिए लॉरेंस बिश्नोई गैंग का नाम लेकर 25 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी गई थी। रकम न देने पर उन्हें और उनके परिवार को नतीजे भुगतने की धमकी भी दी गई थी। तकनीकी जांच में शोएब ढेबर की मुख्य भूमिका सामने आई। शोएब रायपुर के पूर्व मेयर का भतीजा है।
बता दें कि पुलिस रेड से पहले ही शोएब ढेबर को पुलिस कर्मियों ने सूचना लीक कर दी थी, जिसके बाद वह फरार हो गया था। इस मामले में दो सिपाही सस्पेंड किए जा चुके हैं। शोएब के देश छोड़कर भागने की आशंका को देखते हुए ही पुलिस ने उसके खिलाफ लुकआउट सर्कुलर जारी किया है ताकि उसे एयरपोर्ट्स पर रोका जा सके। शोएब ढेबर की गिरफ्तारी या उसकी जानकारी देने वाले के लिए पुलिस ने 5,000 रुपये के इनाम की घोषणा भी पहले से कर रखी है।



