आज की खबर

कांग्रेस ने दो राज्यों में अध्यक्ष बदले… यूपी में महिला पर भरोसा, आराधना मिश्रा मोना को कमान… हॉकी में विश्व के श्रेष्ठ डिफेंडर रहे परगट सिंह पंजाब के अध्यक्ष

कांग्रेस ने आज शुक्रवार, 2 अक्टूबर को उत्तर प्रदेश और पंजाब में नए प्रदेश अध्यक्षों की नियुक्ति की है। उत्तरप्रदेश में कांग्रेस ने अध्यक्ष के रूप में महिला को चुनते हुए आराधना मिश्रा मोना को बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है। वे अजय राय की जगह लेंगी। वहीं, पंजाब में अमरेंद्र सिंह राजा वड़िंग के इस्तीफे के बाद परगट सिंह को पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी का नया अध्यक्ष बनाया गया है। उत्तर प्रदेश में सांसद इमरान मसूद को कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया गया है।

आराधना मिश्रा मोना उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले की रामपुर खास विधानसभा सीट से लगातार तीन बार (2014 उपचुनाव, 2017 और 2022) से कांग्रेस विधायक हैं। वह उत्तर प्रदेश विधानसभा में कांग्रेस विधानमंडल दल (CLP) की नेता भी रह चुकी हैं। वह कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सांसद प्रमोद तिवारी की बेटी हैं। प्रमोद तिवारी इसी रामपुर खास सीट से लगातार 9 बार चुनाव जीतने का रिकॉर्ड बना चुके हैं। आराधना मिश्रा का जन्म 20 अप्रैल 1974 को प्रयागराज में हुआ था। उन्होंने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से बी.कॉम और उसके बाद मास्टर ऑफ बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन (MBA) की डिग्री हासिल की है। 

पंजाब कांग्रेस के नए अध्यक्ष परगट सिंह भारतीय हॉकी टीम के कप्तान और दुनिया के सर्वश्रेष्ठ डिफेंडरों में से एक थे। उन्होंने 1992 (बार्सिलोना) और 1996 (अटलांटा) ओलंपिक में भारतीय हॉकी टीम की कप्तानी की थी। खेल जगत में उनके अभूतपूर्व योगदान के लिए उन्हें 1998 में पद्मश्री पुरस्कार से भी सम्मानित किया जा चुका है। परगट सिंह जालंधर कैंट विधानसभा सीट से लगातार तीन बार (2012, 2017 और 2022) विधायक चुने जा चुके हैं। वह पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी के कार्यकाल में स्कूल शिक्षा, खेल और युवा मामलों के कैबिनेट मंत्री भी रह चुके हैं।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button