लड़कियों के साथ डांस में उलझ गया छोटा पुलिस अफसर… वीडियो फैलते ही सस्पेंड… जानिए एसपी के आदेश में क्या

रायपुर में आईजी अमरेश मिश्रा द्वारा एक इंस्पेक्टर को गर्ल्स हास्टल जाकर बदसलूकी के आरोप में बर्खास्त करने को 48 घंटे भी नहीं बीते कि जांजगीर-चांपा जिले में 30 सितंबर को एक पुलिसवाले का पार्टी में लड़कियों के साथ सिर्फ दो मिनट डांस करना उसे महंगा पड़ गया। जांजगीर में बिर्रा इलाके का यह छोटा पुलिस अफसर एक आर्केस्ट्रा पार्टी में शामिल हुआ था। कुछ देर बैठे रहने के बाद वह अचानक उठा और ठुमके लगाने लगा। इस बीच किसी ने लड़कियों के पीछे से वीडियो बनाया और वायरल कर दिया। इस वीडियो की वजह से सिदार नाम के इस अफसर को एसपी ने सस्पेंड कर जांजगीर में अटैच कर दिया है।
जांजगीर के एसपी ने 1 अक्टूबर को अफसर के सस्पेंशन का आदेश जारी किया। आदेश में कहा गया है कि आर्केस्ट्रा जैसे कार्यक्रम में पुलिस अफसर का लड़कियों के साथ डांस करते हुए वीडियो वायरल हुआ है। उक्त अफसर ने अपने कर्तव्यस्थल से बाहर जाकर सार्वजनिक जगह पर वर्दी में लड़कियों के साथ डांस कर अनुशासनहीन तथा अशिष्ट आचरण प्रस्तुत किया है। इसीलिए उसे तत्काल प्रभाव से निलंबित कर लाइन अटैच किया जा रहा है। जितनी रफ्तार से उस अफसर का वीडियो वायरल हुआ, उससे भी ज्यादा तेजी से एसपी का आदेश वायरल हुआ है।