उपराष्ट्रपति धनखड़ रायपुर में… युवाओं से इम्पोर्टेड वस्तुएं इस्तेमाल नहीं कर देश को ताकतवर बनाने का आह्वान

देश के उपराष्ट्रपति जगदीश धनखड़ एक दिवसीय प्रवास पर मंगलवार को राजधानी रायपुर पहुंचे। उन्होंने पं. दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में हुए एक कार्यक्रम में रायपुर एनआईटी, आईआईटी और आईआईएम के विद्यार्थियों से आह्वान किया कि आयातित वस्तुओं का इस्तेमाल नहीं करें। स्वदेशी वस्तुएं अपनाएं और देश को सशक्त बनाने में अपना योगदान दें।
उपराष्ट्रपति धनखड़ ने छात्र-छात्राओं से कहा कि विकसित भारत का सपना साकार करने में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका है। आप सभी देश के प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थानों में अध्ययन कर रहे हैं। इन संस्थानों में अत्याधुनिक प्रौद्योगिकी की शिक्षा दी जा रही है। देश में एआई मशीन लर्निंग, ग्रीन हाईड्रोजन जैसी नवीन तकनीकों को बढ़ावा दिया जा रहा है। भारत जब 2047 में अपनी स्वतंत्रता की शताब्दी मनाएगा, तब यह एक सशक्त और विकसित भारत का सपना केवल लक्ष्य नहीं बल्कि सुनिश्चित गंतव्य बन चुका होगा। उपराष्ट्रपति ने कहा कि भारत युवाओं की बदौलत फिर से विश्व गुरू बनने की ओर अग्रसर है। कार्यक्रम में राज्यपाल रमेन डेका ने कहा कि एक मजबूत भारत को आत्मनिर्भर होने के साथ-साथ वैश्विक रूप से जुड़ा होना चाहिए। नवाचार और उद्यमिता की एक मजबूत संस्कृति को बढ़ावा देकर इस विजन को साकार किया जा सकता है। सीएम विष्णुदेव साय ने छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि भारत देश प्राचीनकाल से ही विश्वगुरु रहा है। तक्षशिला और नालंदा जैसे विश्वविद्यालयों की ख्याति पूरी दुनिया में थी। जो समाज अपने अतीत की घटनाओं से शिक्षा ग्रहण करता है, वही समाज समृद्ध भविष्य के स्वप्न को साकार करता है।