आम चुनाव

शहरों में क्लीनस्वीप करनेवाली भाजपा जिला पंचायतों में कुछ फिसली… मंत्रियों राजवाड़े-श्यामबिहारी के इलाकों में हार… अभनपुर में भी कांग्रेस एकतरफा

भारतीय जनता पार्टी ने नगर निगम, नगर पालिका और नगर पंचायतों के चुनाव में जबर्दस्त प्रदर्शन किया, कई जिला पंचायतों में भी इस प्रदर्शन को दोहराया, लेकिन वह बात नहीं है। भाजपा ने प्रदेश की 33 जिला पंचायतों में से 14 में लगभग क्लीन स्वीप कर लिया है, लेकिन कुछ जगह फिसली भी है। रायपुर से लगे अभनपुर में कांग्रेस ने पहले चरण में जिला पंचायत सदस्यों के क्षेत्रों में सभी सीटें जीत ली हैं। यहां तक कि जनपद चुनाव में भाजपा के प्रदेश सोशल मीडिया प्रभारी भी चुनाव हार गए हैं। इसी तरह, दो मंत्रियों लक्ष्मी राजवाड़े के सूरजपुर और श्यामबिहारी जायसवाल के मनेंद्रगढ इलाके में भी भाजपा के प्रत्याशियों को हार का सामना करना पड़ा है।

जिला पंचायत सदस्यों के चुनाव में पहले चरण में भाजपा ने नारायणपुर में सभी 9 सीटें, कवर्धा में सभी 6 सीटें, खैरागढ़ में सभी 5 सीटें, कोंडागांव में सभी 4 सीटें, मुंगेली में सभी 4 सीटें, सारंगढ़ में सभी 4 सीटें, जीपीएम तथा कोरबा जिलों में सभी सीटें पहले चरण में जीती हैं। इसी तरह, बलौदाबाजार में भाजपा के प्रत्याशी 6 में से 5 सीटें, जांजगीर-चांपा में 6 में से 4 सीटें बलरामपुर में 6 में से 4 सीटें, सक्ती में 4 में से 3 सीटें, रायगढ़ में 6 में से 5 सीटें और बालोद में 5 में से 3 सीटों पर विजयी रहे हैं। बचे हुए जिलों में कांग्रेस को 25 फीसदी तक सीटें मिल पाई हैं। लेकिन मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े के जिले सूरजपुर और मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल के जिले मनेंद्रगढ़ में इसका उलटा हुआ है। सूरजपुर में भाजपा के प्रत्याशी पहले चरण की सभी 6 सीटें हार गए हैं। चार में कांग्रेस तथा दो में निर्दलीय जीते हैं। इसी तरह, मंत्री श्यामबिहारी के इलाके खड़गंवा में दोनों सीटें भाजपा हार गई है। रेणुका सिंह जिला पंचायत कोरिया की अध्यक्ष थीं। दूसरी में भाजपा ने खड़गंवा जनपद अध्यक्ष सोनमति उर्रे को समर्थन दिया था और वह भी हार गईं।

अभनपुर में कांग्रेस की एकतरफा जीत

राजधानी से लगे अभनपुर में कांग्रेस ने धमाकेदार प्रदर्शन किया है। पार्टी ने पहले अभनपुर नगरपालिका में जीत हासिल की। इसके बाद जिला पंचायत चुनाव में भी कांग्रेस पहले चरण की चार में से तीन सीटें जीतने में कामयाब हो गई हैं। जनपद चुनावों में भी कांग्रेस का प्रदर्शन अच्छा रहा है। यहां तक कि भाजपा के सोशल मीडिया प्रभारी सोमेश पांडेय जनपद चुनाव हार गए। जबकि अभनपुर में भाजपा का विधायक है और चंद्रशेखर साहू, अशोक बजाज से लेकर दीपक म्हस्के जैसे नेताओं का गृह क्षेत्र अभनपुर ही है। हालांकि भाजपा के त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के प्रदेश संयोजक सौरभ सिंह ने बताया कि पहले चरण में जिला पंचायत की 160 सीटों पर चुनाव के नतीजे मिले हैं, जिनमें भाजपा समर्थित 108 उम्मीदवार जीते हैं। इसके अलावा 17 निर्दलीय भी भाजपा से ही संबंधित हैं।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button