केरलम पहुंचा मानसून, 3 दिन लेट पर बढ़िया बारिश… छत्तीसगढ़ में आज से प्री-मानसून शावर… गर्मी कुछ कम होगी, बढ़ेगी उमस
केरलम में आज 4 जून को मॉनसून पहुंच गया है और बढ़िया बारिश हो रही है। वहाँ मानसून 3 दिन की देरी से पहुँचा है। इधर, पूरे छत्तीसगढ़ में प्री-मानसून बारिश आज से शुरू हो जाएगी। मौसम विभाग ने अगले 5 दिनों तक पूरे प्रदेश में अंधड़, गरज-चमक और बारिश का अलर्ट जारी किया है। मौसम में आए इस बदलाव से तपती गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है।
मौसम विभाग के अनुसार आज गुरुवार से ही प्रदेश के कई हिस्सों में अंधड़ चलने की संभावना है। राजधानी रायपुर सहित बस्तर, बिलासपुर और दुर्ग संभाग के कई जिलों में गरज-चमक के साथ मध्यम से भारी बारिश और बिजली गिरने की आशंका है। इसके बावजूद, अधिकतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा, पारा 40°C से 43°C के आसपास बने रहने का अनुमान है।
छत्तीसगढ़ में प्री-मानसून आंधी-तूफान के कारण बस्तर संभाग में काफी असर देखा गया है। प्रदेश में मानसून के प्रवेश की सामान्य तिथि 15 जून मानी जाती है। मानसून सबसे पहले बस्तर संभाग के रास्ते राज्य में एंट्री लेता है और फिर आगे बढ़ते हुए रायपुर, बिलासपुर और उत्तर छत्तीसगढ़ तक पहुंचता है।



