छत्तीसगढ़ में भाजपा 10 कांग्रेस 1 सीट पर, बृजमोहन की 5.39 लाख वोटों से रिकार्ड जीत, भूपेश बघेल हारे

छत्तीसगढ़ में लोकसभा की 11 सीटों में से 10 सीटों पर भारतीय जनता पार्टी ने या तो जीत हासिल की, या निर्णायक बढ़त बना ली है। कांग्रेस को एक सीट पर संतोष करना पड़ा है। राजधानी रायपुर से भाजपा प्रत्याशी बृजमोहन अग्रवाल ने 5.30 लाख वोटों से कांग्रेस के विकास उपाध्याय को हराया। यह छत्तीसगढ़ के इतिहास की रिकार्ड जीत है। दुर्ग से भाजपा के विजय बघेल भी कांग्रेस के राजेंद्र साहू से 4,39 लाख वोटों से चुनाव जीत गए हैं। कांग्रेस से केवल ज्योत्सना महंत ही कोरबा लोकसभा क्षेत्र से दोबारा जीती हैं। उन्होंने भाजपा की सरोज पांडे को 41 हजार वोटों से हरा दिया है। कांग्रेस के लिए निराशाजनक परिणाम राजनांदगांव लोकसभा क्षेत्र से आया, जहां दिग्गज कांग्रेस नेता भूपेश बघेल को 45 हजार वोटों से हार का सामना करना पड़ा है। एक और सीट कांकेर में नतीजों को लेकर ऊहापोह बरकरार है। वहां भाजपा के भोजराज नाग कांग्रेस के बिरेश ठाकुर से महज 2 हजार वोटों से आगे हैं।
लोकसभा चुनाव से कुछ दिन पहले ही कांग्रेस से भाजपा में आकर टिकट हासिल करनेवाले चिंतामणि महाराज कांग्रेस की शशि सिंह से 60 हजार वोटों से जीते हैं। एसटी के लिए आरक्षित एक और सीट बस्तर से भाजपा के महेश कश्यप ने कांग्रेस के कवासी लखमा को 45 हजार से ज्यादा वोटों से हरा दिया है। एससी के लिए सुरक्षित जांजगीर लोकसभा क्षेत्र में भी कांग्रेस के शिव डहरिया को भाजपा की कमलेश जांगड़े के हाथों लगभग 60 हजार वोटों से हार का सामना करना पड़ा है। रायगढ़ से भाजपा प्रत्याशी राधेश्याम राठिया भी कांग्रेस प्रत्याशी मेनकादेवी सिंह से एक लाख से अधिक वोटों से जीत की ओर हैं। महासमुंद में कांग्रेस प्रत्याशी ताम्रध्वज साहू को भाजपा की रूपकुमारी चौधरी के हाथों 1.39 लाख वोटों से हार का सामना करना पड़ा है। इसी तरह, बिलासपुर में भाजपा के तोखन साहू ने कांग्रेस प्रत्याशी देवेंद्र यादव को 1 लाख से ज्यादा वोटों से हरा दिया है।