छत्तीसगढ़ में 5 नए सायबर थाने, 6 एजेके, 3 महिला तथा दो सामान्य थाने खुलेंगे… विधानसभा में 21 हजार करोड़ की अनुदान मांगें पारित… सीएम साय कल सुबह आकर विधानसभा जाएंगे

छत्तीसगढ़ के डिप्टी सीएम विजय शर्मा के विभागों की 21,277 करोड़ रुपए की अनुदान मांगों को मंगलवार को छत्तीसगढ़ विधानसभा में पारित कर दिया गया है। इस साल गृह विभाग, तकनीकी शिक्षा तथा आवास से जुड़े कई नवाचार किए जाने वाले हैं। डिप्टी सीएम शर्मा ने बताया कि इस साल पीएम आवास के लिए 8500 करोड़ रूपए का प्रावधान किया गया है। बस्तर फाइटर्स के 3202 नए पदों पर भर्ती होने वाली है। पुलिस बल को आधुनिक संसाधनों से सुसज्जित किया जा रहा है। इसके तहत प्रदेश में 5 साइबर, 6 अजाक, 3 महिला और 2 नवीन पुलिस थाने खोले जाएंगे। इधर, दो दिन के प्रवास के बाद सीएम विष्णुदेव साय बुधवार को सुबह 6 बजे दिल्ली से रवाना होकर 9 बजे रायपुर आ जाएंगे और कल विधानसभा की कार्यवाही में हिस्सा लेंगे।
छत्तीसगढ़ विधानसभा में आज पुलिस, गृह, जेल, पंचायत एवं ग्रामीण विकास, त्रिस्तरीय पंचायती राज संस्थाओं के वित्तीय सहायता, विज्ञान और प्रौद्योगिकी और तकनीकी शिक्षा एवं रोजगार विभाग के लिए वर्ष 2025-26 के लिए 21,277 करोड़ से अधिक की अनुदान मांगें पारित की गई हैं। डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने बताया कि पुलिस विभाग के लिए 8237 करोड़, गृह विभाग के लिए 141 करोड़, जेल विभाग के लिए 278 करोड़, पंचायत एवं ग्रामीण विकास के लिए 8055 करोड़, पंचायत राज संस्थाओं की वित्तीय सहायता के लिए 4025 करोड़, विज्ञान और प्रौद्योगिकी के लिए 64 करोड़ तथा तकनीकी शिक्षा एवं रोजगार विभाग के लिए 474 करोड़ रुपए का बजट निर्धारित किया गया है।