सुशासन तिहार कल से… कोई समस्या हो, रायपुर के जोन दफ्तरों में सुबह 10 से शाम 5 बजे तक करें आवेदन… ऐसा प्रदेश की सभी पंचायतों-निकायों में
गुड गवर्नेंस के लिए काम कर रही सीएम विष्णुदेव साय की सरकार कल, मंगलवार से प्रदेशभर में सुशासन तिहार-2025 शुरू करने जा रही है, जो 31 मई तक चलेगा। कल यानी 8 अप्रैल से सरकार पंचायतों से लेकर हर निकाय में आम लोगों से उनकी समस्याओं को लेकर आवेदन लेगी। राजधानी रायपुर में सभी जोन दफ्तरों में आवेदन लिए जाएंगे। आम लोग संबंधित जगहों पर सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक आवेदन दे सकेंगे। इसकी बाकायदा एंट्री होगी। आवेदन 11 अप्रैल को शाम 5 बजे तक लिए जाएंगे। इसके बाद अगले एक माह तक पूरा सरकारी अमला इन आवेदनों के निराकरण में जुट जाएगा। रायपुर नगर निगम कमिश्नर विश्वदीप ने जोन दफ्तरों में नोडल अफसर नियुक्त कर दिए हैं। इस काम के लिए रायपुर के ज्यादातर जोन कमिश्नरों को नोडल अफसर और जोन के इंजीनियरों को सहायक नोडल अफसर नियुक्त कर दिया गया है।
छत्तीसगढ़ में गुड गवर्नेंस पर लगातार काम कर रही सीएम विष्णुदेव साय की सरकार 8 अप्रैल से लगभग दो महीने का सुशासन तिहार-2025 मनाने जा रही है। इस तिहार में सरकार गांव की गलियों से शहर की बस्तियों तक, हर किसी की और हर स्तर की समस्या का समाधान करेगी। सुशासन तिहार की शुरुआत 8 अप्रैल से तीन चरणों में की जा रही है। पहले चरण में ग्राम पंचायतों से नगरीय निकायों तक 8 से 11 अप्रैल के बीच लोगों से आवेदन लिए जाएंगे। 12 अप्रैल से इन आवेदनों का निराकरण शुरू कर दिया जाएगा, जो एक माह चलेगा। तीसरे और अंतिम चरण में 5 मई से जगह-जगह डायरेक्ट समाधान शिविर शुरू कर दिए जाएंगे। शिविर 31 मई तक चलेंगे। इस दौरान सीएम विष्णुदेव गांव-कस्बों से शहरों तक छापामार शैली में अलग-अलग जगह निरीक्षण करेंगे। वे जहां भी जाएंगे, प्रशासन के पास उसकी सूचना नहीं होगी।
सीएम विष्णुदेव साय ने कहा कि सुशासन तिहार का उद्देश्य आम लोगों की समस्याओं का समय पर निराकरण, सरकार की कल्याण योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा तथा विकास कार्यों में गति लाना है। सुशासन तिहार के दौरान आम जनता, जनप्रतिनिधि और सामाजिक संगठनों के बीच सीधा संवाद भी स्थापित किया जाएगा। समाधान शिविरों में सीएम विष्णुदेव साय, उनके सभी मंत्री, चीफ सेक्रेटरी से लेकर सचिव तथा हर जिले के प्रमुख अधिकारी हिस्सा लेंगे।



