अमिताभ जैन के बाद… रेणु पिल्लै, सुब्रत साहू, अमित अग्रवाल, मनोज पिंगुआ, रिचा शर्मा, निधि छिब्बर और विकास शील तकनीकी तौर पर चीफ सेक्रेटरी के लिए एलिजिबल… ये सभी IAS केंद्र में सचिव इम्पैनल्ड
छत्तीसगढ़ के चीफ सेक्रेटरी अमिताभ जैन 30 जून को रिटायर होने जा रहे हैं। तकनीकी तौर पर अब तक यही तथ्य है, बशर्ते कि विष्णुदेव साय सरकार सेवावृद्धि देकर चौंका ना दे। उनके रिटायर होने के बाद नया चीफ सेक्रेटरी कौन होगा, इसे लेकर सरकार कैम्प और प्रशासनिक लॉबी में हलचल है। अलग अलग प्लेटफार्म पर अफसरों के नामों को लेकर कयास भी लग रहे हैं। लेकिन यह भी सच्चाई है कि साय सरकार ने भनक तक नहीं लगने दी है कि अगला चीफ सेक्रेटरी कौन होगा। द स्तम्भ सिर्फ़ यह बता रहा है कि सीनियोरिटी के आधार पर प्रदेश के कौन-कौन आईएएस अफसर, जो अभी अपर मुख्य सचिव या समकक्ष ज़िम्मेदारी सम्हाल रहे हैं, चीफ सेक्रेटरी बनाए जा सकते हैं। यह भी बता दें कि इन सभी छह अफसरों में सरकार को जिसे भी चीफ सेक्रेटरी बनाना है, उसके लिए सीनियर होना अनिवार्य क्राइटेरिया नहीं है।
वरिष्ठता के आधार पर इस लिस्ट में रेणु पिल्लै और सुब्रत साहू टॉप पर हैं। दोनों 1991 बैच के आईएएस हैं। इनके अलावा केंद्र सरकार में काम कर रहे अमित अग्रवाल (1993), मनोज कुमार पिंगुवा (1994), रिचा शर्मा (1994), निधि छिब्बर (1994) और विकास शील (1994) भी चीफ सेक्रेटरी बनाए जाने के पात्र हैं। ये सभी अफ़सर केंद्र सरकार में सचिव इम्पैनल्ड हैं। इनमें से अगला चीफ सेक्रेटरी कौन होगा, सीएम विष्णुदेव साय कैबिनेट की 30 जून को होने वाली बैठक के पहले या बाद में घोषित हो सकता है।



