आज की खबर

गजेंद्र यादव, गुरु खुशवंत और राजेश अग्रवाल ने मंत्री पद की शपथ ली… छत्तीसगढ़ में पहली बार सीएम को मिलाकर 14 मंत्री

छत्तीसगढ़ में भाजपा की विष्णुदेव साय सरकार के गठन के लगभग पौने दो साल बाद तीन नए मंत्रियों को मंत्रिमंडल में शामिल कर लिया गया है। राजभवन में सुबह साढ़े 10 बजे शुरू हुए शपथ ग्रहण समारोह में क्रमशः गजेंद्र यादव, गुरु खुशवंत साहेब और राजेश अग्रवाल ने मंत्री पद की शपथ ली। राज्यपाल रमेन डेका ने सीएम साय की मौजूदगी में तीनों नए मंत्रियों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। तीन नए मंत्रियों के शपथ ग्रहण के साथ छत्तीसगढ़ में मंत्रियों की संख्या सीएम को मिलाकर 14 हो गई है। यह भी पहली बार हुआ है, अब तक सीएम को मिलाकर प्रदेश में 13 मंत्री ही बनाए जा रहे थे।

दुर्ग के विधायक गजेंद्र यादव ने सबसे पहले मंत्रीपद की शपथ ली। इसके बाद आरंग के विधायक गुरु खुशवंत और अंबिकापुर के विधायक राजेश अग्रवाल ने शपथ ग्रहण की। तीनों पहली बार मंत्री बने हैं। बता दें कि विष्णुदेव साय के मंत्रिमंडल में तीन मंत्रियों को छोड़कर बाकी सभी पहली बार वाले हैं। खुद सीएम साय केंद्र सरकार में मंत्री रह चुके थे, लेकिन राज्य में पहली बार सीएम के रूप में मंत्रिमंडल का हिस्सा बने। सूत्रों के मुताबिक नए मंत्रियों को विभागों का बंटवारा कुछ देर में कर दिया जाएगा। तीनों ही कैबिनेट मंत्री होंगे, यानी छत्तीसगढ़ सरकार में एक भी राज्यमंत्री अब नहीं होगा।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button