लॉरेंस गैंग रंगदारी केस : शोएब ढेबर की दोबारा गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने शुरू की तलाश…पूर्व मेयर ढेबर को मिली धमकी के मामले का खुलासा भी जल्दी ही
रायपुर में कांग्रेस नेता आनंद कुकरेजा से लॉरेंस बिश्नोई और अमन साहू गैंग के नाम पर 25 करोड़ रुपये की रंगदारी (फिरौती) मांगने के मामले में पुलिस ने दोबारा गिरफ्तार करने के लिए शोएब ढेबर की तलाश शुरू कर दी है। शोएब को चार दिन पहले इसी केस में लोअर कोर्ट से जमानत मिल गई थी। इसके तुरंत बाद पुलिस ने सीजेएम (CJM) कोर्ट का रुख किया और दोबारा गिरफ्तारी की अनुमति मांगी। कोर्ट ने पुलिस की दलीलों को स्वीकार करते हुए शोएब ढेबर को पुन: गिरफ्तार करने की अनुमति दे दी। एसीपी आरके साहू ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि शोएब की तलाश में पुलिस पार्टियां लगाई गई हैं।
शोएब रायपुर के पूर्व मेयर तथा कांग्रेस नेता एजाज ढेबर का भतीजा है। पूरा मामला ये है कि 14 सितंबर को आनंद कुकरेजा के मोबाइल पर एक विदेशी वर्चुअल नंबर से व्हाट्सऐप मैसेज आया। मैसेज भेजने वाले ने खुद को लॉरेंस बिश्नोई और अमन साहू गैंग का सदस्य बताते हुए 25 करोड़ रुपये की मांग की। रकम न देने पर कुकरेजा व परिवार को जान से मारने की धमकी दी गई। कुकरेजा की शिकायत पर रायपुर की तेलीबांधा थाना पुलिस और साइबर सेल ने तकनीकी जांच शुरू की। दिल्ली क्राइम ब्रांच की मदद से व्हाट्सऐप को ट्रेस कर जांजगीर-चांपा के एक युवक को पकड़ा गया। जिससे पूछताछ के बाद शोएब ढेबर का नाम सामने आया। पुलिस ने शोएब को शनिवार रात (26 सितंबर) एक कार्यक्रम से हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से 5 आईफोन भी जब्त किए गए।
पुलिस जांच में यह चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि इससे पहले शोएब के चाचा और पूर्व महापौर एजाज ढेबर को भी इसी तरह 50 करोड़ रुपये की रंगदारी का मैसेज मिला था। आरोपियों ने एजाज ढेबर को भेजे गए मैसेज को ही कॉपी किया और केवल नाम बदलकर आनंद कुकरेजा को भेज दिया। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि एजाज ढेबर को धमकी देने के पीछे कौन लोग थे। संकेत हैं कि उस मामले का खुलासा भी जल्द हो जाएगा।
पुलिस ने इस मामले में जांच का दायरा बढ़ाते हुए एक भाजपा नेता के भांजे टीनू भारद्वाज और होटल के कुछ कर्मचारियों को भी हिरासत में लेकर पूछताछ की है, जिन पर इंटरनेट कॉल के लिए हॉटस्पॉट और डिवाइस उपलब्ध कराने का संदेह है। वर्तमान में रायपुर पुलिस शोएब ढेबर की दोबारा गिरफ्तारी करने और इस साजिश की पूरी कड़ियों को जोड़ने की कोशिश में जुटी हुई है।



