आज की खबर

छत्तीसगढ़ में बसों का किराया बढ़ाने का फैसला… पहले 5 किमी के लिए 2 रुपए की वृद्धि संभव… एक-दो दिन में मंत्री करेंगे घोषणा

छत्तीसगढ़ में बस किराया बढ़ाने का फैसला कर लिया गया है और एक-दो दिन में इसकी घोषणा कर दी जाएगी। सूत्रों के अनुसार साय कैबिनेट की बुधवार को हुई बैठक में किराया बढ़ाने के प्रस्ताव पर चर्चा के बाद सहमति बन गई है। किराया बढ़ाने की आधिकारिक घोषणा परिवहन मंत्री एक-दो दिन में कर देंगे। नए किराए के साथ-साथ सरकार सुरक्षा नियमों को भी कड़ा करने जा रही है। यदि बस में पहली या आखिरी यात्री कोई महिला है, तो बस की लाइव ट्रैकिंग अनिवार्य होगी। इसके अलावा सभी बसों में एक्टिव कैमरे और ट्रैकिंग सिस्टम लगाना जरूरी किया जा रहा है।

मिली जानकारी के अनुसार यात्रा के पहले 5 किलोमीटर के लिए किराया 10 से बढ़ाकर 12 रुपए करने का प्रस्ताव है। शुरुआती 5 किमी के बाद, प्रत्येक अतिरिक्त किलोमीटर के लिए ₹1.75 की दर से किराया जोड़ने का प्रस्ताव रखा गया है, जो वर्तमान में लगभग 1 प्रति किलोमीटर है। हालांकि बताते हैं कि सरकार इस वृद्धि की समीक्षा कर रही है।

छत्तीसगढ़ में बस ऑपरेटर्स पिछले 4 वर्षों से किराए में संशोधन की मांग कर रहे थे। उनका कहना है कि डीजल की कीमतों, बसों के मेंटेनेंस, स्पेयर पार्ट्स और अन्य परिचालन खर्चों में भारी बढ़ोतरी होने के कारण मौजूदा किराए पर बसों का संचालन करना मुश्किल हो गया था। हाल ही में परिवहन मंत्री केदार कश्यप और बस ऑपरेटरों के बीच हुई बैठक में इस पर सहमति बनी थी।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button