अमिताभ बच्चन का हर कॉल से पहले 40 सेकंड का साइबर अलर्ट बंद… लगातार शिकायतों के बाद केंद्र का फ़ैसला आज से ही लागू
पिछले कुछ माह से हर कॉल के पहले चल रहा बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन की आवाज़ वाला 40 सेकंड का साइबर अलर्ट केंद्र सरकार ने बंद कर दिया। 26 जून को इस आशय की सूचना भेजी गई कि साइबर अलर्ट का आखिरी दिन है, 27 जून से यह नहीं सुनाई देगा। ऐसा हुआ भी, शुक्रवार को सुबह से किसी भी कॉल पर यह साइबर अलर्ट नहीं सुनाई दे रहा है।
पिछले करीब चार महीने से सभी फ़ोन कंपनियाँ हर कॉल से पहले 40 सेकंड का साइबर अलर्ट चला रही थीं और लगभग हर व्यक्ति इससे बुरी तरह बोर हो गया था। यह सवाल किए जाने लगे थे कि क्या इससे साइबर ठगी रुक जाएगी, क्योंकि आंकड़े इन वारदातों में किसी तरह की कमी की तरफ़ इशारा नहीं कर रहे थे। कॉल करते ही ज़्यादातर लोग कान से फ़ोन हटा लेते थे और… 1930 पर संपर्क करें… यह सुनने के बाद ही फ़ोन कानों तक ले जाते थे। कई बार यह अलर्ट दो-दो बार चलता था, पर सामने वाले के फ़ोन पर रिंग ही नहीं जाती थी। इससे लोग खिन्न होने लगे थे। सोशल मीडिया पर ट्रोलिंग होने लगी थी। कुछ ने तो सीधे अमिताभ बच्चन को ही इस मामले में ट्रोल कर दिया था। सरकार के पास इस साइबर अलर्ट को लेकर लगातार प्रतिकूल प्रतिक्रियाएं आ रही थीं। इसलिए इस साइबर अलर्ट को आख़िरकार सरकार ने बंद करने का फ़ैसला कर लिया और इसे लागू भी कर दिया गया।



