भाजपा प्रत्याशियों की सूचियां मंडलों से पहुंच गईं ऊपर तक… उच्चस्तर पर मंथन शुरू, गणतंत्र दिवस के तुरंत बाद एक-एक कर जारी
नगरीय निकाय और त्रिस्तरीय पंचायत चुनावों में पार्षद से लेकर सभी पदों के उम्मीदवारों की सूचियां मंडल और जिला समितियों से निकलकर पार्टी में उच्चस्तर पर पहुंच गई हैं। पार्टी की प्रदेश चुनाव समिति के पास 24 जनवरी को दोपहर तक सारी सूचियां आने की पुष्टि हो गई है। यही वह सूचियां हैं, जिनपर विचार-विमर्श होगा और उम्मीदवारों के नाम जोड़-घटाकर सूचियां जारी होने लगेंगी। पार्टी सूत्रों के मुताबिक 25 जनवरी से सूचियां फाइनल होना शुरू हो जाएंगी। जाानकारों के मुताबिक गणतंत्र दिवस के अगले दिन यानी 27 जनवरी से एक-एक कर उम्मीदवारों की सूचियां जारी किए जाने की पूरी संभावनाएं हैं।
भाजपा में शुक्रवार को हर स्तर पर मैराथन बैठकें हुई हैं। इसके बाद पार्टी के केंद्रीय कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में प्रदेश चुनाव समिति की बैठक भी हो गई। इसमें संभावित प्रत्याशियों को लेकर क्राइटेरिया तय होने की बात आ रही है। इस बैठक में सीएम विष्णुदेव साय, प्रदेश प्रभारी नितिन नवीन, शिव प्रकाश, अजय जम्वाल, पवन साय और अध्यक्ष किरण देव के अलावा चुनाव समिति के सभी सदस्य मौजूद थे। बैठक में यह तय हुआ है कि उम्मीदवार किस तरीके से फाइनल किए जाने चाहिए। पार्टी के महामंत्री संजय श्रीवास्तव के मुताबिक सभी वरिष्ठ नेताओं से अलग-अलग मशविरा किया गया है। इसी आधार पर चयन प्रक्रिया आगे बढ़ेगी। संगठन सूत्रों ने पुष्टि की है कि मंडलों से संभावित प्रत्याशियों की सूची जिला समितियों को भेजी जा चुकी है। जिला समितियों ने भी सूचियां भेजनी शुरू कर दी हैं और अधिकांश प्रदेश चुनाव समिति को मिल गई हैं। इनमें नगर निगम, नगरपालिका और नगर पंचायत के प्रत्याशियों की सूचियां हैं। प्रदेश संयोजक भूपेंद्र सवन्नी ने सिर्फ यही कहा है कि प्रदेश समिति के पास पैनल आ गए हैं, उन्हें केंद्रीय नेतृत्व के सामने रखा जा रहा है। उम्मीदवारों की सूचियां जल्दी जारी होंगी।