आज की खबर

अग्निवीर रैली में 1600 मीटर दौड़कर बेहोश अभनपुर के युवक की मौत… सिकलसेल पीड़ित बताया गया, सरकार से 10 लाख रु मदद की घोषणा

रायगढ़ के बोइरदादर स्टेडियम में अभनपुर के खोरपा गांव के युवक मनोज कुमार साहू (20 वर्ष) की अग्निवीर भर्ती रैली में 1600 मीटर की दौड़ में हिस्सा लेने के बाद मृत्यु हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक दौड़ पूरी करने के बाद युवक दूसरे चरण की दौड़ के लिए बायोमेट्रिक सिस्टम की तरफ जाते हुए अचानक बेहोश होकर मैदान पर गिरा। साथी और डाक्टर मौके पर पहुंचे तो उसे सांस लेने में काफी तकलीफ नजर आई। अचानक उसका आक्सीजन लेवल गिरने लगा। वह सचेत लेकिन डिस-ओरिएंटेड पाया गया। युवक को रायगढ़ अस्पताल भेजा गया। वहां सैटल करके उसे मेडिकल कालेज रायगढ़ में भर्ती किया गया। तब तक युवक बेहोश हो गया था। इलाज के बाद भी उसकी स्थिति नहीं सुधरी और रात 1.35 बजे युवक ने दम तोड़ दिया। मनोज साहू को परिजन के लिए प्रदेश सरकार ने 10 लाख रुपए की सहायता की घोषणा की है।

छत्तीसगढ़ में अग्निवीर भर्ती रैली में मौत की संभवतः यह पहली घटना है। अभी छत्तीसगढ़ के कई जिलों में अग्निवीर भर्ती रैली प्रस्तावित है। रायगढ़ में भर्ती तीन दिन से चल रही है। इस दौरान युवक बेहोश हुआ, तो उसके परिजन को सूचना दे दी गई थी। परिजन रात में ही रायगढ़ पहुंच गए। उन्होंने तथा डाक्टरों ने जांच के बाद बताया कि मनोज सिकलसेल से पीड़ित था। प्रशासन ने इस मामले में बेहद सावधानी बरती, क्योंकि मामला अग्निवीर भर्ती रैली में मृत्यु का था। युवक का मंगलवार को सुबह परिजन की मौजूदगी में ही पोस्टमार्टम किया गया। इसके बाद शव तहसीलदार और जनपद सीईओ के साथ खोरपा भेज दिया गया। मृत युवक के परिजन को मुख्यमंत्री स्वेच्छानुदान से 10 लाख रुपए की मदद का ऐलान प्रशासन ने किया है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button