चिटफंड फ्रॉड में सरकार ने 3 हजार लोगों को 3.16 करोड़ रु लौटाए… सीएम साय ने भिलाई में रकम ट्रांसफर की… 155 करोड़ के कार्यों का लोकार्पण-भूमिपूजन भी

छत्तीसगढ़ सरकार ने चिटफंड फ्रॉड में पैसे गंवाने वालों की रकम वापसी का सिलसिला तेज कर दिया है। सीएम विष्णुदेव साय ने मंगलवार, 24 नवंबर को दुर्ग-भिलाई में यश ड्रीम चिटफंड कंपनी के 3000 निवेशकों को उनके बैंक खातों में 3 करोड़ 16 लाख 54 हजार 889 रुपये ट्रांसफर किए हैं। एक समारोह में सीएम साय ने बटन दबाकर निवेशकों के खाते में पैसे ट्रांसफर किए। यही नहीं, सीएम ने आज भिलाई में 154 करोड़ 66 लाख 86 हजार रूपए का लोकार्पण और भूमिपूजन किया है।
इस्पात नगरी खुर्सीपार-भिलाईवासियों के लिए सीएम साय ने कुल 154 करोड़ 66 लाख रूपए कीघोषणा की। मुख्यमंत्री ने लोकार्पण एवं भूमिपूजन समारोह को सम्बोधित करते हुए कहा कि पिछले तीन वर्षों में नगर निगम भिलाई के विकास के लिए 886 करोड़ रुपये जारी किए जा चुके है। उन्होंने बीएसपी टाउनशिप में रहने वाले नागरिकों के रिटेंशन आवास के किराए में हुई 24 गुना वृद्धि को लेकर सांसद, विधायक एवं अन्य जनप्रतिनिधियों के साथ चर्चा के बाद अधिकारियों से बात की। इसके बाद मासिक किराए में बढ़ोतरी को कम कर 6 रुपये किए जाने का निर्णय लिया गया। इससे हजारों परिवारों को राहत मिली है।
अपने संबोधन में सीएम साय ने छत्तीसगढ़ सरकार के बीते तीन वर्षों के विकास कार्यों और योजनाओं का उल्लेख किया। उन्होंने विधानसभा क्षेत्र के विकास के लिए दो प्रमुख सड़क निर्माण कार्यों की घोषणा की। कुरुद-जुनवानी कोहका मार्ग से साकेत नगर, कुरुद बस्ती एवं सुंदर विहार तक सड़क निर्माण के लिए 13 करोड़ रुपये तथा जुनवानी-कोहका-कुरुद मार्ग में कोसानाला से कुटेला मार्ग एवं कुटेलाभाठा सड़क निर्माण के लिए 14 करोड़ रुपये की घोषणा की गई। इसके अलावा भिलाई नगर में ऑडिटोरियम और इंडोर स्टेडियम निर्माण की भी घोषणा की गई।



