सीजी बोर्ड की बारहवीं परीक्षा 12 मार्च, दसवीं 13 मार्च से… टाइमटेबल cgbse.nic.in पर… पेपर के दिन छुट्टी घोषित हुई, तब भी उसी दिन एग्जाम
छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल (CGBSE) ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 की कक्षा 10वीं और 12वीं की मुख्य परीक्षाओं का टाइम टेबल घोषित कर दिया है।
जारी कार्यक्रम के अनुसार, 12वीं की परीक्षाएं 12 मार्च 2027 से 8 अप्रैल 2027 तक और 10वीं की परीक्षाएं 13 मार्च 2027 से 5 अप्रैल 2027 तक आयोजित की जाएंगी। सभी परीक्षाएं सुबह की पाली में प्रातः 9:00 बजे से दोपहर 12:15 बजे तक चलेंगी। विस्तृत समय-सारिणी और पीडीएफ छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल की वेबसाइट (cgbse.nic.in) पर डाउनलोड करने के लिए उपलब्ध करवा दी गई है।
बोर्ड से मिली जानकारी के अनुसार नियमित छात्रों की प्रैक्टिकल और प्रोजेक्ट परीक्षाएं 1 जनवरी से 20 जनवरी 2027 के बीच उनके संबंधित स्कूलों में आयोजित की जाएंगी। स्वाध्यायी (Private) छात्रों की प्रैक्टिकल परीक्षाएं मुख्य परीक्षा के दौरान ही उनके परीक्षा केंद्र पर ली जाएंगी। परीक्षा अवधि के दौरान यदि शासन द्वारा कोई स्थानीय या सार्वजनिक अवकाश घोषित किया जाता है, तब भी परीक्षाएं तय कार्यक्रम के अनुसार ही संपन्न होंगी।



