The Stambh Breaking : नवा रायपुर में सेंध लेक के सामने 75 एकड़ से ज़्यादा ज़मीन के बड़े सौदे पर आयकर की पड़ी नज़र… इसी की जांच के बाद पीआरए-बर्बरीक ग्रुप पर IT का छापा
आयकर विभाग ने छत्तीसगढ़ के 6 जिलों में पीआरए-बर्बरीक समेत पांच लोहा-कोल ट्रांसपोर्टेशन गसमूहों पर छापेमारी नवा रायपुर में सेंध लेक के सामने 75 एकड़ से ज़्यादा जमीन के एग्रीमेंट की सूचना के आधार पर की गई जाँच के बाद की है। विश्वस्त सूत्रों के अनुसार जिन फ़र्मों पर छापे मारे गए, सभी एक दूसरे से संबंधित हैं। स्टील कारोबार के अलावा पूर्ववर्ती सरकार में ये ग्रुप बड़े औद्योगिक घराने के लिए कोल ट्रांसपोर्टिंग भी करता था।
सूत्रों के अनुसार आयकर विभाग को सबसे पहले खबर मिली थी कि छत्तीसगढ़ के एक संयुक्त कारोबारी समूह ने मिलकर नवा रायपुर में सेंध लेक के सामने 75 से 90 एकड़ ज़मीन का स्पोर्ट्स काम्प्लेक्स के मद में एग्रीमेंट किया है। इस समूह के साथ देश का एक बड़ा होटल ग्रुप भी कनेक्टेड है और लिए गए प्लॉट में खेल गतिविधियों के साथ साथ मे-फ़ेयर जैसा बड़ा होटल भी डेवलप किया जाना है। आयकर विभाग पिछले तीन माह से इस पूरे घटनाक्रम पर बारीक नज़र रखे हुए था। यही नहीं, विभाग की इस मामले से संबंधित हर अहम पार्टी पर निगाहें हैं। जाँच में कई तथ्य मिलने के बाद आयकर विभाग को महसूस हुआ कि छापेमारी बड़े स्तर पर करनी होगी। इसलिए छत्तीसगढ़ के साथ साथ मध्यप्रदेश से आयकर अफसरों की टीमें भी बुलाई गईं। इसलिए सीजी-एमपी की संयुक्त टीमों ने रायपुर, रायगढ़, दुर्ग, बिलासपुर, अंबिकापुर, जांजगीर और जगदलपुर में पूरे ग्रुप पर एक साथ छापे मारे हैं। छापेमारी और पूछताछ की वजह से ही नवा रायपुर में हुए बड़े जमीन सौदे की सूचना बाहर आई है और मीडिया तक पहुंचने लगी है।
इस पूरे मामले में ज़्यादा जानकारियां आयकर छापा पूरा होने के बाद अगले 24 से 48 घंटे के भीतर ही सामने आने की संभावना है।



