छापे की सूचना शोएब ढेबर को लीक करने के आरोप में इंस्पेक्टर भी सस्पेंड… इसी केस में पहले ही निलंबित किए जा चुके दो सिपाही
लॉरेंस गैंग के नाम पर कांग्रेस नेता को धमकीभरे फ़ोन मामले में फ़रार शोएब ढेबर तक सूचनाएं लीक करने के आरोप में पुलिस इंस्पेक्टर विनीत दुबे को सस्पेंड कर दिया गया है। यह कार्रवाई रायपुर पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला की जांच रिपोर्ट के आधार पर बस्तर आईजी बद्री नारायण मीणा ने की है। सूचना लीक करने कि इस मामले में रायपुर क्राइम ब्रांच के दो कांस्टेबल शिवम द्विवेदी और राहुल सिंह गौतम पहले ही सस्पेंड किए जा चुके हैं।
अधिकृत सूत्रों के अनुसार तेलीबांधा थाने में दर्ज अपराध क्रमांक 403/2026 की जांच के दौरान इंस्पेक्टर विनीत दुबे का आचरण संदिग्ध पाए जाने का आरोप है। यह आरोप पुलिस टीम की छापेमारी से पहले ही शोएब ढेबर को गोपनीय जानकारी मिलने से संबंधित है। 3 अक्टूबर को खम्हारडीह स्थित ठिकानों पर छापे से ठीक पहले आरोपी फरार हो गया था।
इस मामले में पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला के निर्देश पर हुई प्रारंभिक जांच के बाद 30 अक्टूबर को उच्चाधिकारियों को प्रतिवेदन भेजा गया था। इसी रिपोर्ट पर संज्ञान लेते हुए बस्तर आईजी ने निलंबन आदेश जारी किया बता दें कि यह मामला कांग्रेस नेता से कथित तौर पर 25 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने और जान से मारने की धमकी देने से जुड़ा है।



